अभिजीत दीपके ने बताया अपना ‘बेस्ट CM’, अरविंद केजरीवाल का भी लिया नाम; इन नेताओं की भी की तारीफ
नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने अपने पसंदीदा मुख्यमंत्रियों और नेताओं के नाम बताए हैं। एक कार्यक्रम में रैपिड फायर के दौरान उनसे देश के अब तक के सबसे अच्छे मुख्यमंत्री को लेकर सवाल किया गया। जवाब में उन्होंने कई नेताओं का नाम लिया, जिनमें दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी शामिल रहे। दीपके ने उनके शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए गए काम की तारीफ की।
नेहरू को बताया देश का सबसे अच्छा प्रधानमंत्री
न्यूज24 के एक कार्यक्रम में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रमुख नेताओं अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरभ दास ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में रैपिड फायर के दौरान उनसे पूछा गया कि देश का अब तक का सबसे अच्छा प्रधानमंत्री वे किसे मानते हैं। दीपके ने जवाहरलाल नेहरू का नाम लिया। आशुतोष रांका और सौरभ दास ने भी इस जवाब पर सहमति जताई।

स्टालिन और पिनराई विजयन की भी तारीफ
जब दीपके से देश के सबसे अच्छे मुख्यमंत्री का नाम पूछा गया तो उन्होंने कहा कि ऐसे कई मुख्यमंत्री रहे हैं। उन्होंने तमिलनाडु के एमके स्टालिन का नाम लेते हुए कहा कि उन्होंने अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में अच्छा काम किया। इसके बाद उन्होंने केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था की भी तारीफ की।
अरविंद केजरीवाल को लेकर क्या बोले दीपके
दीपके ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का भी नाम लिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में केजरीवाल ने स्कूल और स्वास्थ्य क्षेत्र में काफी अच्छा काम किया था। दीपके ने कहा कि किसी नेता ने अच्छा काम किया है तो वह यह बात ईमानदारी से स्वीकार करेंगे।
देश के सबसे अच्छे शिक्षा मंत्री पर अलग राय
जब उनसे देश के सबसे अच्छे शिक्षा मंत्री के बारे में सवाल किया गया तो दीपके ने कहा कि उन्हें ऐसा कोई नाम याद नहीं आता जिसे इस श्रेणी में रखा जा सके। उन्होंने प्राथमिक शिक्षा पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिए जाने की बात कही। उनके मुताबिक, देश की प्राथमिक शिक्षा पर ज्यादा ध्यान दिया जाता तो स्कूलों की मौजूदा स्थिति अलग होती।
-------------------------------------------------------------------------------------------
आशुतोष रांका ने भी उठाए सवाल
आशुतोष रांका ने कहा कि लोगों को यह तक पता नहीं होता कि उनके राज्य का शिक्षा मंत्री कौन है। उन्होंने दावा किया कि कई राज्यों में शिक्षा मंत्री का पद महत्वपूर्ण नहीं माना जाता और कुछ जगहों पर इसे दंडात्मक तैनाती तक समझा जाता है। उन्होंने कहा कि आम लोगों से पूछने पर बड़ी संख्या में लोग अपने राज्य के शिक्षा मंत्री का नाम नहीं बता पाएंगे।
5 सितंबर को दिल्ली में मार्च निकालेगी CJP
कॉकरोच जनता पार्टी ने 5 सितंबर को दिल्ली में शांतिपूर्ण विरोध मार्च निकालने का ऐलान किया है। संगठन का आरोप है कि परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ 36 दिन चले आंदोलन को समाप्त कराने के लिए केंद्र सरकार ने 25 जुलाई को जो वादे किए थे, उन्हें पूरा नहीं किया गया। पार्टी के मुताबिक शिक्षक दिवस पर होने वाला मार्च इंडिया गेट से शुरू होकर दिल्ली पुलिस मुख्यालय तक जाएगा।
आंदोलन में जान गंवाने वाले छात्रों के परिजन होंगे शामिल
CJP के अनुसार मार्च का नेतृत्व उन छात्रों के परिजन करेंगे, जिन्होंने नीट परीक्षा रद्द होने और उसके बाद दोबारा परीक्षा कराए जाने के बाद आत्महत्या कर ली थी। जुलाई में हुए आंदोलन के दौरान कथित पुलिस कार्रवाई का सामना करने वाले छात्रों के परिवार भी मार्च में शामिल होंगे। संगठन ने जंतर-मंतर पर घायल हुए पुलिसकर्मियों के लिए भी सरकार से मुआवजे की मांग की है।

