अरेंज मैरिज करने जा रहे हैं तो शादी से पहले पार्टनर से जरूर करें ये अहम सवाल

नई दिल्ली. शादी लड़के और लड़की के जीवन का सबसे अहम फैसला होता है। अगर पहले से लोग अपने जीवनसाथी को जानते हैं यानी प्रेम विवाह कर रहे होते हैं तो उन्हें इस रिश्ते और अपने साथी के बारे में काफी कुछ पता होता है। लेकिन जब बात अरेंज मैरिज की होती है, तो अक्सर लोग अपने होने वाले जीवनसाथी के बारे में हर बात नहीं जान पाते। उनके लिए जीवनसाथी की तलाश परिवार के लोग करते हैं। ऐसे में उन्हें पता नहीं होता कि जिससे वह शादी कर रहे हैं, क्या वह आपसे शादी करना चाहते हैं। अरेंज मैरिज करने वाले लोगों के मन में कई सवाल होते हैं, जिनके जवाब अगर समय पर यानी शादी से पहले न मिलें तो आगे का जीवन कठिन बन सकता है। ऐसे में अगर आप अरेंज मैरिज करने वाले हैं तो अपने होने वाले जीवनसाथी से पहले ही कुछ सवाल पूछ लें।

शादी से पहले हर शख्स को अपने जीवनसाथी से ये सवाल करना चाहिए कि क्या वह इस शादी के लिए तैयार हैं। कई बार लोग अपने परिवार के दबाव में शादी करने के लिए राजी हो जाते हैं। हो सकता है कि वह आपको पसंद न करते हो और परिवार के दबाव में शादी करने के लिए हां बोला हो। ऐसे में भविष्य में रिश्ता निभाना मुश्किल हो जाएगा। इसलिए उन से शादी की रजामंदी पूछें और हां आने पर ही कोई कदम बढ़ाएं।

अरेंज मैरिज में लड़का और लड़की अपने साथी के करियर प्लान के बारे में पहले से ज्यादा कुछ नहीं जानते। बाद में यही समस्या बन जाता है। इसलिए शादी से पहले ही पार्टनर से पूछ लें कि जीवन साथी का करियर प्लान क्या है। वह भविष्य में क्या करना चाहते हैं और कैसे शादी के बाद दोनों के लिए बेहतर भविष्य बना पाएंगे। इसके अलावा उन्हें अपने करियर प्लान के बारे में बताएं और उनकी राय लें। हो सकता है कि लड़की नौकरी करना चाहती हो लेकिन जीवनसाथी इसके लिए रजामंद न हो। इसलिए उनके और अपने करियर प्लान को स्पष्ट करें।

शादी के बाद परिवार बढ़ाने को लेकर जीवनसाथी क्या सोचता है, इस बारें में उनसे सवाल करें। फैमिली प्लानिंग को और बच्चों के बारे में उनकी क्या राय है, ये जानें। साथ ही आप क्या चाहते हैं ये भी स्पष्ट कर दें।

रिश्ते में परेशानी कई बार पूर्व रिलेशनशिप के कारण भी हो जाती है। जब शादी के बाद लोगों को अपने जीवनसाथी के पास्ट रिलेशनशिप के बारे में पता चलता है और यह मुद्दा बन जाता है व झगड़ा होने लगता है। इसलिए अपने जीवनसाथी के बीते हुए जीवन के बारे में सवाल पूछें। पास्ट लाइफ के बारे में अगर पहले से पता होगा तो बाद में दिक्कतें नहीं होंगी।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया The Lucknow Tribune के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें... -------------------------
E-Paper