Saturday, November 7, 2026
Latest:
देश

इमरजेंसी के लिए सिर्फ संजय गांधी जिम्मेदार नहीं थे, इंदिरा पर भी था दबाव; सोनिया गांधी ने बताई अंदर की बात

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने 1975 में लगाए गए आपातकाल को लेकर अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि इमरजेंसी के लिए अक्सर संजय गांधी को जिम्मेदार ठहराया जाता है, लेकिन पूरी गलती उनकी नहीं थी। तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पर उनके कुछ वरिष्ठ सहयोगियों की ओर से काफी दबाव था। सोनिया गांधी ने यह भी कहा कि इंदिरा गांधी को बाद में आपातकाल के दौरान लिए गए कुछ फैसलों पर पछतावा हुआ था।

‘द हिंदू’ को दिए एक इंटरव्यू में सोनिया गांधी ने आपातकाल के दौर और उस समय इंदिरा गांधी के आसपास के लोगों की भूमिका पर चर्चा की। उनका कहना था कि उस समय इंदिरा गांधी के आसपास राजीव गांधी जैसे बहुत कम लोग थे, जिनका नजरिया दूसरों से अलग था।

‘सिर्फ संजय गांधी ही कसूरवार नहीं थे’

सोनिया गांधी ने कहा कि आमतौर पर संजय गांधी को आपातकाल से जोड़कर देखा जाता है, लेकिन इसके लिए केवल उन्हें जिम्मेदार ठहराना सही नहीं है। उन्होंने बताया कि इंदिरा गांधी पर उनके कुछ वरिष्ठ सहयोगियों का काफी दबाव था। सोनिया के मुताबिक, उस दौर में राजीव गांधी उन गिने-चुने लोगों में शामिल थे, जिनकी सोच बाकी लोगों से अलग थी।

इंदिरा गांधी को बाद में हुआ फैसलों पर पछतावा

आपातकाल के दौरान हुई कार्रवाइयों पर बात करते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि बाद में इंदिरा गांधी को एहसास हुआ कि उस समय क्या हो रहा था। उन्होंने याद दिलाया कि इंदिरा गांधी ने ही मार्च 1977 में आम चुनाव कराने का ऐलान किया था। सोनिया के मुताबिक, इंदिरा गांधी ने बाद में सार्वजनिक रूप से आपातकाल के दौरान लिए गए सख्त फैसलों के लिए माफी भी मांगी थी।

लोकतांत्रिक अधिकारों में कटौती की बात स्वीकार की

जब सोनिया गांधी से पूछा गया कि क्या आपातकाल को लोकतंत्र विरोधी और तानाशाही का अध्याय कहना सही होगा, तो उन्होंने माना कि उस दौरान लोकतांत्रिक अधिकारों में कटौती की गई थी। उन्होंने कहा कि आपातकाल समाप्त होने के बाद ही उन्हें इसकी वास्तविक गंभीरता का पता चला।

हालांकि, सोनिया गांधी ने यह भी कहा कि आपातकाल लगाने की प्रक्रिया संवैधानिक तरीके से पूरी की गई थी। उन्होंने तत्कालीन परिस्थितियों के संदर्भ में इसे जरूरी कदम बताया।

10 नवंबर को आएगी सोनिया गांधी की किताब

सोनिया गांधी की नई किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ 10 नवंबर को रिलीज होने वाली है। इस किताब में उन्होंने अपनी जिंदगी से जुड़ी कई घटनाओं और यादों को साझा किया है। इसमें राजीव गांधी के साथ उनके रिश्ते, पहली मुलाकात और प्रेम कहानी से जुड़े किस्से भी शामिल हैं।

--------------------------------------------------------------------------------------------------- https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be