एमजेपी रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय में ‘स्पेल बी’ प्रतियोगिता का आयोजन, प्रथम वर्ष के इंजीनियरिंग छात्रों ने दिखाया भाषाई कौशल

बरेली,07 सितम्बर। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के मानविकी विभाग (Department of Humanities) द्वारा बी.टेक प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय ‘स्पेल बी’ (Spell Bee) प्रतियोगिता का सफल आयोजन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर अनिल कुमार राय की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। इस बौद्धिक स्पर्धा में इंजीनियरिंग संकाय की विभिन्न शाखाओं के नवप्रवेशी विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी वर्तनी व शब्दावली क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में इंजीनियरिंग संकाय की डीन प्रो. अर्चना गुप्ता एवं मानविकी विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. अनीता त्यागी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में अंग्रेजी विभाग के सहायक आचार्य डॉ. शिव सिंह तथा डॉ. पवन यादव शामिल रहे, जिन्होंने प्रतिभागियों के भाषाई ज्ञान का निष्पक्ष मूल्यांकन किया।
मंच संचालन अर्थशास्त्र विभाग की सहायक आचार्य डॉ. शिंशूपा एवं अंग्रेजी के शिक्षण सहायक (टीए) श्री शैशव मोहन ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम के अंत में प्रो. अनीता त्यागी और एमएसडब्ल्यू विभाग की सहायक आचार्य डॉ. राका सक्सेना ने सुमधुर स्वर में ‘वंदे मातरम्’ का गान किया। इसके पश्चात डॉ. राका सक्सेना ने औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों को आगामी दीक्षांत/समापन (वैलेडिक्टरी) सत्र में प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

-------------------------------------------------------------------------------------------

