एम्स रायबरेली में 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस का आयोजन, धन्वंतरि पूजन के साथ औषधीय पौधों का हुआ रोपण

रायबरेली: एम्स रायबरेली में 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कार्यकारी निदेशक डॉ. अमिता जैन ने धन्वंतरि पूजन के साथ की। इस दौरान आयुर्वेद और आधुनिक चिकित्सा से जुड़ी पुस्तकों का भी पूजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान औषधीय पौधों का वितरण किया गया। इसके साथ ही चंदन, तेजपत्ता, अर्जुन और सर्पगंधा के पौधों का रोपण भी किया गया। कार्यक्रम में आयुर्वेद को दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने और इसके प्रति लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया गया।
खराब जीवनशैली से होने वाली बीमारियों में आयुर्वेद और योग उपयोगी
कार्यकारी निदेशक डॉ. अमिता जैन ने मरीजों को संबोधित करते हुए कहा कि आयुर्वेद और योग खराब जीवनशैली के कारण होने वाली बीमारियों में सुधार में उपयोगी हैं। उन्होंने मोटापा, मधुमेह, हाइपोथायरॉइड और अपच जैसी समस्याओं का जिक्र करते हुए आयुर्वेद और योग की भूमिका के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि एम्स के आयुष विभाग की ओपीडी में मरीजों को नियमित रूप से योग और प्राणायाम भी सिखाया जा रहा है। इसका उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है।
बीमारियों से बचने के लिए आयुर्वेदिक जीवनचर्या अपनाने पर जोर
अपर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीरज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि बीमारियों से दूर रहने के लिए सभी को आयुर्वेद में बताई गई जीवनचर्या का पालन करना चाहिए। उन्होंने दैनिक जीवन में स्वास्थ्य संबंधी अच्छी आदतों को अपनाने पर जोर दिया।
आयुष विभाग के प्रभारी डॉ. हरि कृष्ण पारीक ने लोगों से आयुर्वेदिक दवाओं का इस्तेमाल योग्य आयुर्वेद चिकित्सक की सलाह से ही करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यू-ट्यूब और इंस्टाग्राम पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर खुद से दवा लेने और स्वचिकित्सा करने से बचना चाहिए।
एम्स के अधिकारी और चिकित्सक रहे मौजूद
कार्यक्रम में उपनिदेशक (प्रशासन) कर्नल अखिलेश सिंह, वित्तीय सलाहकार कर्नल यू. एन. राय, उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गौरव त्रिवेदी, प्रिंसिपल नर्सिंग कॉलेज नरेंद्र पाल सिंह चौधरी और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अरविंद शुक्ला मौजूद रहे।
इसके अलावा मनोरोग विभाग से डॉ. श्रुति सिन्हा, डॉ. आकाश और डॉ. पदमा, योग प्रशिक्षक प्रसोभ नानू, नैदानिक मनोवैज्ञानिक विकास रावत, पीयूष वर्मा और पुनीत मौर्य भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
