देश

कैंसर, अल्जाइमर और दिल की बीमारियों का इलाज होगा आसान? AI को लेकर अगले 10 साल के लिए बड़ा दावा

नई दिल्ली: चिकित्सा जगत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एक बड़ी क्रांति की वजह बन सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तकनीक की मदद से कैंसर, अल्जाइमर, हृदय रोग और मानसिक बीमारियों के इलाज की दिशा में आने वाले वर्षों में बड़ी कामयाबी मिल सकती है। एंथ्रोपिक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डारियो अमादेई ने दावा किया है कि अगर एआई का सही तरीके से इस्तेमाल किया गया, तो अगले एक दशक से भी कम समय में इन गंभीर बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाने की संभावनाएं बढ़ सकती हैं। हालांकि, चिकित्सा क्षेत्र के कुछ विशेषज्ञों ने इस समय-सीमा को लेकर सवाल भी उठाए हैं।

एलन मस्क और गूगल एआई प्रमुख को भी बड़ी उम्मीदें

एआई के क्षेत्र में काम कर रहे कई दिग्गजों को उम्मीद है कि यह तकनीक चिकित्सा अनुसंधान और इलाज के तरीकों को पूरी तरह बदल सकती है। एलन मस्क और गूगल एआई के प्रमुख डेमिस हसाबीस भी मानते हैं कि आने वाले समय में एआई स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक उन्नत और प्रभावी बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।

एलन मस्क बोले- आम लोगों को मिल सकती हैं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं

दुनिया के सबसे अमीर कारोबारियों में शामिल एलन मस्क भी चिकित्सा क्षेत्र में एआई के इस्तेमाल को लेकर काफी आशावादी हैं। उनका मानना है कि इस तकनीक के विकास से भविष्य में आम लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। ऐसी चिकित्सा सेवाएं, जो फिलहाल अमेरिका के राष्ट्रपति जैसे विशिष्ट पदों पर बैठे लोगों को उपलब्ध हैं, भविष्य में आम नागरिकों की पहुंच में भी आ सकती हैं।

दवाओं की खोज में सालों का काम कुछ सप्ताह में होने की उम्मीद

गूगल एआई प्रमुख डेमिस हसाबीस का मानना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस दवाओं की खोज की प्रक्रिया में लगने वाले समय को कई वर्षों से घटाकर कुछ सप्ताह तक ला सकता है। इससे नई दवाओं का विकास तेजी से होगा और गंभीर बीमारियों के उपचार के नए रास्ते खुल सकते हैं।

उन्होंने एआई आधारित प्रोटीन अनुसंधान की उपलब्धि अल्फाफोल्ड का भी उल्लेख किया। इस तकनीक के जरिए 20 करोड़ से अधिक प्रोटीन संरचनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई है। इसे जैविक अनुसंधान के क्षेत्र में एआई की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में गिना जाता है।

फार्मा विशेषज्ञों ने जताई असहमति, दावों को बताया अवास्तविक

हालांकि, दवा उद्योग से जुड़े सभी विशेषज्ञ अगले एक दशक में कैंसर समेत तमाम गंभीर बीमारियों के इलाज की उम्मीद से सहमत नहीं हैं। वर्टेक्स फार्मास्यूटिकल्स के कार्यकारी अध्यक्ष जेफ लेडेन ने इस तरह की समय-सीमा को अवास्तविक बताया है।

उनके मुताबिक, वर्टेक्स ने करीब 50 एआई कंपनियों के साथ मिलकर 10 हजार दवा यौगिकों की जांच की थी। इसके बावजूद कोई भी कंपनी अपने दम पर प्रभावी दवा विकसित नहीं कर सकी। इससे पता चलता है कि दवाओं की खोज में एआई की भूमिका बढ़ने के बावजूद इस तकनीक को अभी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।

नई दवा को मंजूरी मिलने से पहले लंबी प्रक्रिया जरूरी

विशेषज्ञों के मुताबिक, एआई नई दवाओं की खोज और उनके निर्माण की प्रक्रिया को तेज कर सकता है, लेकिन किसी दवा का मिलना ही उसके इस्तेमाल के लिए पर्याप्त नहीं है। यह साबित करना भी जरूरी होता है कि दवा इंसानों के लिए सुरक्षित और प्रभावी है।

इसके लिए नई दवाओं को कई चरणों से गुजरना पड़ता है। इनमें प्रयोगशाला में अनुसंधान, पशुओं पर परीक्षण और मनुष्यों पर चिकित्सकीय परीक्षण शामिल हैं। इन सभी प्रक्रियाओं में कई साल लग सकते हैं। ऐसे में एआई दवा खोजने का काम भले ही तेज कर दे, लेकिन उसकी सुरक्षा और प्रभावशीलता साबित करने के लिए जरूरी परीक्षणों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

फिलहाल चिकित्सा क्षेत्र में एआई को लेकर उम्मीदें काफी बढ़ी हैं, लेकिन इसके सामने चुनौतियां भी कम नहीं हैं। कैंसर, अल्जाइमर और हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज में यह तकनीक कितनी बड़ी भूमिका निभाएगी, इसका पता आने वाले वर्षों में अनुसंधान और चिकित्सकीय परीक्षणों के नतीजों से ही चलेगा।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be