Tuesday, October 13, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

ग्राम प्रहरी सम्मान कार्यक्रम में योगी सरकार का बड़ा ऐलान, गोण्डा में चौकीदारों को मिली सौगात

गोण्डा: रिजर्व पुलिस लाइन स्थित अमर शहीद राजेन्द्र नाथ लाहिड़ी बहुउद्देशीय हॉल में मंगलवार को ग्राम प्रहरी सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जनपद बरेली से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया, जिसमें प्रदेशभर के ग्राम चौकीदारों को संबोधित करते हुए उनके हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के संबोधन को जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्राम प्रहरियों ने लाइव प्रसारण के माध्यम से सुना। मुख्यमंत्री ने ग्राम प्रहरियों के मासिक मानदेय में 1,000 रुपये की वृद्धि करने और उन्हें 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा की।

गांवों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में ग्राम प्रहरियों की अहम भूमिका

मुख्यमंत्री ने ग्राम प्रहरियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, गांवों की गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने और पुलिस व आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में ग्राम प्रहरी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि सरकार की घोषणाओं से ग्राम प्रहरियों के आर्थिक और सामाजिक हित मजबूत होंगे तथा उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ सम्मान

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष इकबाल बहादुर तिवारी, सदर विधायक प्रतीक भूषण, मनकापुर विधायक रमापति शास्त्री, तरबगंज विधायक प्रेमनारायण पाण्डेय, मेहनौन विधायक विनय द्विवेदी, पुलिस उपमहानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र अशोक कुमार, जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन और पुलिस अधीक्षक अभिषेक सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

ग्राम प्रहरियों को बांटी गईं टॉर्च और धोती

सम्मान कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रहरियों के योगदान को देखते हुए उन्हें टॉर्च और धोती वितरित की गईं। उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में उनकी जिम्मेदारियों और सेवाओं की सराहना की।

कार्यक्रम का उद्देश्य ग्राम प्रहरियों का उत्साहवर्धन करना, उनके योगदान को सम्मान देना और उन्हें अपने कर्तव्यों का निर्वहन और अधिक सक्रियता व निष्ठा के साथ करने के लिए प्रेरित करना रहा।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------