चक्रवात अकवान का झारखंड में दिखने लगा असर, रांची में बारिश शुरू; कई जिलों में प्राइमरी कक्षाएं बंद
रांची: चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के असर से झारखंड में मौसम का मिजाज बदल गया है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई इलाकों में हल्की बारिश शुरू हो गई है। संभावित खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। सरायकेला-खरसावां में 20 नवंबर को केजी से कक्षा पांच तक की पढ़ाई स्थगित रखने का आदेश जारी किया गया है। हालांकि, शिक्षकों को निर्धारित समय पर विद्यालय पहुंचना अनिवार्य होगा।
रांची समेत कई इलाकों में बारिश, तापमान में गिरावट
चक्रवात अकवान का असर अब झारखंड में दिखाई देने लगा है। रांची समेत कई क्षेत्रों में बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम की स्थिति और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए स्कूलों में छोटे बच्चों की कक्षाएं स्थगित की गई हैं। प्रशासन और संबंधित विभाग संभावित परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों में जुटे हैं।
सरायकेला-खरसावां प्रशासन अलर्ट, अधिकारियों को निर्देश
चक्रवात के खतरे को देखते हुए सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। उपायुक्त नीतीश कुमार के निर्देश पर सभी अंचल अधिकारियों और प्रखंड विकास पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बरतने को कहा गया है। अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों की निगरानी करने और आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने निचले इलाकों, जलजमाव वाले क्षेत्रों और बाढ़ की आशंका वाले स्थानों की पहचान कर लगातार निगरानी करने को कहा है। इसके अलावा नदियों, नालों, पुल-पुलियों और अन्य संवेदनशील स्थलों पर विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। आपातकालीन सेवाओं से जुड़े कर्मियों को तैयार रखने, उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा करने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है।
उपायुक्त ने अधिकारियों को किसी भी अप्रिय घटना या नुकसान की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने का निर्देश दिया है। साथ ही जिले के लोगों से मौसम को देखते हुए सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की गई है।

केजी से पांचवीं तक की कक्षाएं 20 नवंबर को स्थगित
चक्रवात अकवान और भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर सरायकेला-खरसावां में 20 नवंबर को केजी से कक्षा पांच तक की पढ़ाई स्थगित रखने का आदेश जारी किया गया है। मौसम विभाग ने झारखंड के दक्षिणी हिस्से के जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की आशंका जताई है।
हालांकि, विद्यालयों के शिक्षक और शिक्षिकाओं को निर्धारित समय पर स्कूल पहुंचना होगा। उन्हें गैर शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा। सरकारी और सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षकों की उपस्थिति ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर दर्ज की जाएगी।
ओडिशा तट से टकराने की आशंका, 100 किमी प्रति घंटे तक चलेंगी हवाएं
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना भीषण चक्रवाती तूफान अकवान उत्तर दिशा की ओर बढ़ रहा है। गुरुवार सुबह यह आंध्र प्रदेश के नरसापुर से लगभग 420 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व, कलिंगपट्टनम से 400 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व और ओडिशा के गोपालपुर से 490 किलोमीटर दक्षिण में स्थित था। पुरी से इसकी दूरी करीब 550 किलोमीटर दक्षिण बताई गई थी।
अनुमान के मुताबिक, तूफान शुक्रवार दोपहर तक नरसापुर और पुरी के बीच, गोपालपुर के पूर्व के आसपास उत्तरी आंध्र प्रदेश, यनम और दक्षिणी ओडिशा के तटों को पार कर सकता है। इस दौरान हवा की अधिकतम रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की संभावना है, जबकि तेज झोंकों के साथ इसकी गति 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
