जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक ने तहसील तरबगंज में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की सुनी समस्याए

*गोण्डा 19 सितम्बर, 2026*।
शासन की मंशानुरूप जनसामान्य की शिकायतों एवं समस्याओं का एक ही स्थल पर निस्तारण कराने के उद्देश्य से जनपद के समस्त तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें तहसील तरबगंज में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन तथा पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने आये हुये फरियादियों की समस्याओं को सुना तथा शिकायतों का त्वरित एवं समयबद्ध गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने हेतु सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को प्रेषित किया गया।

जनसुनवाई के दौरान तहसील तरबगंज में कुल 114 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये जिसमें से 15 प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारित किया गया, शेष 99 प्रार्थना पत्रों को निर्धारित समय सीमा के अन्तर्गत सभी प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करते हुये आख्या समय से तहसील में उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि समाधान दिवस में प्राप्त होने वाले शिकायतों के निस्तारण हेतु टीम गठित किया जाय, तथा टीम द्वारा शिकायत का मौके पर स्थलीय जांच के समय पर दोनों पक्षों को बुलाकर उनकी समस्याओं को सुनकर पूरी गुणवत्ता के साथ निस्तारण करना सुनिश्चित किया जाय।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान उन्होंने कहा कि अवैध अतिक्रमण तथा चकमार्ग के मामले में संयुक्त रूप से राजस्व एवं पुलिस फोर्स की संयुक्त टीम मौके पर भेजकर निस्तारित कराना सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि तालाब जमीन की पैमाइश, अवैध कब्जा, चकरोड, नाली, अवैध अतिक्रमण आदि को राजस्व एवं पुलिस फोर्स की संयुक्त टीम के साथ हटवाने का कार्य करें। शिकायतकर्ताओं को मौके पर बुलाएं। उसके आने पर लिखित रूप से उल्लेख करें और निस्तारण के प्रकरण का फोटोग्राफी/वीडियोग्राफी भी करना सुनिश्चित करें।
-------------------------------------------------------------------------------------------
उन्होंने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण मौके पर जाकर पूरी गुणवत्ता के साथ करें अन्यथा संबंधित विभाग के अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के अंत में जिलाधिकारी ने वहां पर उपस्थित सभी संबंधित विभाग के जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा है कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण करना सुनिश्चित करें।
*”सेवा संकल्प अभियान” के अन्तर्गत तहसील तरबगंज में संपूर्ण समाधान दिवस के उपरांत विभिन्न विभागों के योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया जैसे क्षय रोग के व्यक्तियों को पोषण पोटली, वृद्धजनों पेंशन स्वीकृति प्रमाण पत्र, पात्र लाभार्थियों को पारिवारिक लाभ योजना स्वीकृत पत्र, निराश्रित महिलाओं को पेंशन स्वीकृति पत्र, पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को डेमो चेक सहित अन्य विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृत प्रमाण पत्र आदि का वितरण जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन, पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, जिला विकास अधिकारी आदित्य तिवारी, डीसीएनएल जेएन राव, जिला प्रोवेशन अधिकारी गौरव मिश्रा एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के द्वारा किया गया।*
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर संतलाल, उपजिलाधिकारी तरबगंज श्रीमती सविता शुक्ला, तहसीलदार तरबगंज आशुतोष पाण्डेय, जिला विकास अधिकारी आदित्य तिवारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए सुशील कुमार पाण्डेय, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, पंचायत राज विभाग, कार्यक्रम विभाग, वन विभाग, एक्सईएएन विद्युत तरबगंज तथा अन्य विभागों के अधिकारीगण सहित अन्य सभी जनपद स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

