झारखंड के 4 जिलों में बारिश का अलर्ट, बिजली गिरने की भी आशंका

रांची: झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट बदलने वाला है। मौसम विभाग (IMD) ने चतरा, हजारीबाग, जामताड़ा और कोडरमा में वर्षा का अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग का कहना है कि इन जिलों में तेज हवा के साथ बारिश होगी। साथ ही बिजली गिरने की भी प्रबल आशंका है। पश्चिमी सिंहभूम के कुछ जिलों में भी अगले 1 से 3 घंटे में बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात का अनुमान जताया गया है। संताल परगना के साहिबगंज और गोड्डा में भी बारिश और वज्रपात की आशंका जताई गई है।

बता दें कि राजधानी रांची सहित आसपास के जिलों में बुधवार को हुई वर्षा के बाद तापमान में गिरावट आई है। इसके कारण गुरुवार को मौसम सुहाना बना हुआ है। गुरुवार को भी रांची में बादलों की आंख-मिचौली जारी रही। मौसम आमतौर पर ठंडा बना रहा। बता दें कि 20 अप्रैल को झारखंड में आए मौसम में बदलाव का असर अभी तक बरक़रार है। 20 अप्रैल के बाद से झारखंड के विभिन्न जिलों में रुक-रुककर वर्षा होती रही है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार से आसमान स्वच्छ होगा और तीखी धूप निकलेगी।

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने जानकारी दी है कि शुक्रवार को आसमान साफ होगा। बादल छटेंगे और धूप निकलेगी। तीखी धूप से पारा चढ़ेगा। हालांकि, मई महीने में रुक-रुककर वर्षा होती रहेगी, जिसके कारण औसत अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया The Lucknow Tribune के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें... -------------------------
E-Paper