तेज धूप के साथ लू चलने से बढ़ा हीट स्ट्रोक का खतरा, पसीना निकलना बंद होने पर हो जाएं सतर्क

आगरा। तेज धूप के साथ लू चलने से हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ गया है। धूप में ज्यादा देर रहने पर शरीर से पसीना निकलना बंद हो जाए तो सतर्क हो जाएं। शरीर का तापमान बढ़ने के साथ बेहोशी आ सकती है। यह घातक भी हो सकता है। तापमान बढ़ने के साथ ही सरकारी और निजी अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ गई है।

एसएन मेडिकल कालेज के मेडिसिन विभाग के अध्यक्ष डॉ. मृदुल चतुर्वेदी ने बताया कि 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान पहुंचने पर हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। तापमान बढ़ने पर शरीर से पसीना अधिक निकलता है, जिससे शरीर ठंडा बना रहता है, लेक‍िन तापमान बढ़ने के साथ ही गर्म हवा चलने पर शरीर को ठंडा रखने वाला सिस्टम गड़बड़ जाता है। इससे शरीर से पसीना निकलना बंद हो जाता है। साथ ही शरीर का तापमान 101 फारेनहाइट से अधिक पहुंच जाता है और बेहोशी आ लगती है। ये हीट स्ट्रोक के लक्षण हैं।

हीट स्ट्रोक से पीड़ित मरीज के शरीर पर गीला कपड़ा लपेटकर पंखे में लि‍टा देना चाहिए। इससे शरीर का तापमान कम होने लगता है। एसएन के बाल रोग विभाग के अध्यक्ष डॉ. नीरज यादव ने बताया कि खाली पेट स्कूल जा रहे बच्चों को पेट दर्द, सिर दर्द के साथ उल्टी दस्त की समस्या हो रही है।

ये हैं हीट स्ट्रोक के लक्षण
शरीर का तापमान 101 फारेनहाइट से अधिक पहुंचना।
पसीना निकलना बंद होना।
बेहोशी आ जाना।
हाथ पैरों में दर्द।
क्‍या करें उपाय
लू से बचने के लिए घर से खाली पेट न निकलें। मधुमेह और हृदय रोगियों को ज्यादा खतरा।
ताजा खाना खाएं। आम और पुदीना का पना, छाछ, नींबू की शिकंजी और प्याज का अधिक से अधिक उपयोग करें।
तरबूज, खरबूज, खीरा आदि का सेवन अधिक करें।
नीबू शिकंजी, नारियल पानी, छाछ और लस्सी का सेवन करें।
चिकनाई युक्त भोजन का सेवन कम करें।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया The Lucknow Tribune के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें... -------------------------
E-Paper