थलपति विजय की एक झलक के लिए लंदन में उमड़ी भीड़, सुरक्षा कारणों से कार्यक्रम रद्द; 4 घंटे इंतजार करते रहे फैंस
नई दिल्ली: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और अभिनेता थलपति विजय इन दिनों लंदन दौरे पर हैं। मंगलवार को उनके प्रस्तावित एक कार्यक्रम के रद्द होने से वहां मौजूद प्रशंसकों को निराशा का सामना करना पड़ा। विजय की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में फैंस लंदन की मशहूर इमारत द शार्ड के बाहर पहुंचे थे। कई प्रशंसक घंटों तक उनका इंतजार करते रहे, लेकिन आखिर में बिना विजय को देखे ही वापस लौटना पड़ा।
मेट्रोपॉलिटन पुलिस से नहीं मिली कार्यक्रम की अनुमति

रिपोर्ट के मुताबिक, विजय के कार्यक्रम को लंदन की मेट्रोपॉलिटन पुलिस से अनुमति नहीं मिली थी। पुलिस की ओर से सुरक्षा संबंधी कारणों का हवाला दिया गया। इसके बाद विजय की टीम ने आयोजन स्थल के बाहर लाउडस्पीकर के जरिए कार्यक्रम रद्द होने की जानकारी दी। फैंस को बताया गया कि लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति नहीं दी गई है।
चार घंटे तक विजय का इंतजार करते रहे फैंस
विजय से मिलने और उनकी एक झलक पाने के लिए कुछ प्रशंसक करीब चार घंटे तक द शार्ड के बाहर मौजूद रहे। कार्यक्रम रद्द होने की जानकारी मिलने के बाद उन्हें मायूस होकर वापस लौटना पड़ा। वहां मौजूद एक प्रशंसक ने कहा कि सुरक्षा कारणों से कार्यक्रम रद्द करना सही है, लेकिन वह और दूसरे प्रशंसक काफी लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। उन्होंने यह भी कहा कि लंदन में जुटी भीड़ तमिलनाडु में विजय के कार्यक्रमों के दौरान उमड़ने वाली भीड़ की तुलना में काफी कम थी।
निवेश समझौतों के लिए ब्रिटेन पहुंचे हैं विजय
विजय का लंदन दौरा सिर्फ प्रशंसकों से मुलाकात तक सीमित नहीं है। वह तमिलनाडु में निवेश आकर्षित करने के उद्देश्य से ब्रिटेन गए प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, लंदन दौरे के दौरान तमिलनाडु से जुड़े कई निवेश समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इन समझौतों के तहत करीब 12300 करोड़ रुपये के निवेश की बात कही गई है।
इन प्रस्तावित निवेशों में वाहन कलपुर्जा निर्माण, अनुसंधान एवं विकास, नवीकरणीय ऊर्जा, पावर ग्रिड उपकरण और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर जैसे क्षेत्र शामिल हैं। तमिलनाडु सरकार के अनुसार, इन निवेशों से राज्य में रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
-------------------------------------------------------------------------------------------
मदरसन 11000 करोड़ रुपये का करेगा निवेश
इन समझौतों में प्रमुख नाम मदरसन इंटरनेशनल लिमिटेड का बताया गया है। कंपनी तमिलनाडु में अपने डिजाइन, इंजीनियरिंग, निर्माण, एकीकरण और लॉजिस्टिक केंद्रों के विस्तार के लिए करीब 11000 करोड़ रुपये निवेश करने की योजना बना रही है। इससे लगभग 7000 नौकरियां पैदा होने की उम्मीद जताई गई है।
इसके अलावा ब्रिटेन की विल्सन पावर सॉल्यूशंस तिरुवल्लूर जिले में ट्रांसफॉर्मर निर्माण से जुड़े अपने संचालन के अगले चरण के लिए करीब 300 करोड़ रुपये निवेश करेगी। इस परियोजना से लगभग 400 नए रोजगार मिलने की उम्मीद है।
बुधवार को भारत लौटने का कार्यक्रम
बताया गया है कि विजय बुधवार को ब्रिटेन से भारत लौटेंगे। लंदन में सुरक्षा कारणों से उनका कार्यक्रम भले ही रद्द हो गया, लेकिन तमिलनाडु में निवेश से जुड़े समझौतों के कारण उनका ब्रिटेन दौरा चर्चा में बना हुआ है।

