‘दिमागी नक्सल’ पर BJP का डिजिटल अटैक, राज्यों के सोशल मीडिया हैंडल एकजुट; मीम्स और वीडियो से विपक्ष पर निशाना
नई दिल्ली: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम के गठन के बाद पार्टी ने संगठन के साथ सोशल मीडिया पर भी अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। भाजपा के सोशल मीडिया संयोजक दीपक म्हस्के की टीम ने पिछले कुछ दिनों में अलग-अलग राज्यों के पार्टी सोशल मीडिया खातों को एक साथ जोड़कर राजनीतिक संदेश पहुंचाने की नई रणनीति शुरू की है।
पिछले तीन दिनों में भाजपा के कई राज्यों के एक्स खातों से एक-दूसरे की पोस्ट साझा और उद्धृत की जा रही हैं। इसके अलावा अलग-अलग राज्य इकाइयों के बीच मिलकर सामग्री तैयार करने का सिलसिला भी शुरू हुआ है। बॉलीवुड और हॉलीवुड फिल्मों के चर्चित दृश्यों, मीम्स और रचनात्मक वीडियो के जरिए विपक्ष पर राजनीतिक निशाना साधा जा रहा है।

सलमान, संजय दत्त और जैकी श्रॉफ के वीडियो से अभियान की शुरुआत
इस डिजिटल अभियान की शुरुआत जम्मू-कश्मीर भाजपा के एक्स खाते से हुई। पार्टी ने सलमान खान, संजय दत्त और जैकी श्रॉफ का एक वीडियो साझा किया। इसमें संजय दत्त को कर्नाटक भाजपा, सलमान खान को जम्मू-कश्मीर भाजपा और जैकी श्रॉफ को गोवा भाजपा के रूप में पेश किया गया।
पोस्ट में लिखा गया, “तीन भाई, तीनों तबाही?? दिमागी नक्सल तंत्र का सबसे बुरा सपना!” पोस्ट के चर्चा में आने के बाद भाजपा की सोशल मीडिया टीम ने दूसरे राज्यों के पार्टी खातों को भी इस अभियान से जोड़ना शुरू कर दिया।
MP BJP बोली- ‘तीन नहीं, चार भाई’
जम्मू-कश्मीर भाजपा की पोस्ट पर मध्य प्रदेश भाजपा ने उद्धृत करते हुए लिखा, “रुकिए… मध्य प्रदेश भी बातचीत में शामिल हो रहा है? तीन भाई? इसे चार कर दीजिए, अब मुकाबला आर-पार होगा!”
इसके बाद दिल्ली भाजपा भी अभियान में शामिल हो गई। दिल्ली भाजपा ने अभिनेता पंकज त्रिपाठी के वीडियो के साथ पोस्ट कर लिखा, “भूल तो नहीं गए हमें?” इसके बाद दूसरे राज्यों के भाजपा खातों से भी इसी तरह के मीम और वीडियो साझा किए जाने लगे।
एक पोस्ट से कई राज्यों के दर्शकों तक पहुंचने की रणनीति
भाजपा के एक सोशल मीडिया अधिकारी के अनुसार, अलग-अलग राज्यों के पार्टी खातों को एक साथ जोड़ने का मकसद सामग्री की पहुंच बढ़ाना है। जब एक राज्य का पार्टी खाता दूसरे राज्य की पोस्ट को उद्धृत या उसमें दूसरे खाते को टैग करता है, तो वह सामग्री दोनों राज्यों के समर्थकों और दर्शकों तक पहुंचती है।
-------------------------------------------------------------------------------------------
पार्टी का मानना है कि इस रणनीति से उन राजनीतिक संदेशों को बड़े स्तर पर फैलाया जा सकता है, जिनका असर एक साथ कई राज्यों की राजनीति पर पड़ता है। उदाहरण के तौर पर दिल्ली भाजपा की एक पोस्ट के जरिए पंजाब में आम आदमी पार्टी को घेरने का संदेश देने की कोशिश की गई।
‘दिमागी नक्सल’ शब्द को लेकर सियासी बहस तेज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से ‘दिमागी नक्सल’ शब्द के इस्तेमाल के बाद इसको लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। भाजपा अब सोशल मीडिया के जरिए इसी शब्द और कथित ‘दिमागी नक्सल’ मानसिकता को लेकर विपक्ष पर हमला कर रही है।
इसके लिए पार्टी बॉलीवुड और हॉलीवुड फिल्मों के चर्चित दृश्यों को नए संदर्भ में प्रस्तुत कर मीम और हास्य वीडियो तैयार कर रही है। इन पोस्ट में राजनीतिक संदेश के साथ व्यंग्य का इस्तेमाल भी किया जा रहा है।
एक्स के बाद इंस्टाग्राम पर भी अभियान बढ़ाने की तैयारी
भाजपा नेताओं के मुताबिक, यह डिजिटल अभियान अभी शुरुआती चरण में है। पार्टी का कहना है कि महज तीन दिनों में सोशल मीडिया पर जिस तरह का राजनीतिक संदेश तैयार हुआ है, उससे आने वाले बड़े अभियान की रणनीति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
भाजपा सूत्रों के मुताबिक, अब इसी रणनीति को इंस्टाग्राम पर भी आगे बढ़ाने की तैयारी है। पार्टी का मानना है कि एक्स पर राजनीतिक मुद्दों में रुचि रखने वाला वर्ग अधिक सक्रिय है, जबकि इंस्टाग्राम के जरिए रचनात्मक वीडियो और तस्वीरों के माध्यम से बड़े दर्शक वर्ग तक पहुंच बनाई जा सकती है।
भाजपा के इंस्टाग्राम और एक्स खातों पर जारी किए गए एक प्रचार वीडियो में भी इसकी झलक दिखाई गई है। इसमें “Shall we begin” लिखा गया और देश के अलग-अलग राज्यों के भाजपा खातों को टैग किया गया। पार्टी सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में मीम, हास्य वीडियो और रचनात्मक पोस्ट के जरिए यह सोशल मीडिया अभियान और ज्यादा आक्रामक रूप ले सकता है।

