राज्य

दीवाली से पहले महंगाई का बड़ा झटका! घी, चीनी, मैदा से लेकर काजू-बादाम तक हुए महंगे, मिठाई और गिफ्ट पैक पर बढ़ेगा खर्च

रांची: दीवाली से पहले ही आम लोगों की जेब पर महंगाई का बोझ बढ़ने लगा है। त्योहार पर मिठाइयां और पकवान बनाने में इस्तेमाल होने वाली खाद्य सामग्री के साथ ड्राई फ्रूट्स की कीमतों में भी तेजी आ गई है। पिछले एक महीने के दौरान चीनी, बेसन, मैदा, सूजी, आटा, दाल और चने समेत कई जरूरी सामान महंगे हुए हैं। काजू, बादाम और पिस्ता के दाम भी बढ़ गए हैं। इसका सीधा असर घरों में दीवाली की तैयारियों के साथ मिठाई कारोबार पर भी पड़ने वाला है। वहीं, ड्राई फ्रूट्स महंगे होने से कंपनियों की ओर से दिए जाने वाले त्योहार के उपहारों की लागत भी बढ़ सकती है।

मेन रोड स्थित रघुवंशी स्टोर के संचालक जुवीन ठक्कर के मुताबिक, सितंबर में 58 रुपये किलो बिकने वाली चीनी अब 66 रुपये किलो तक पहुंच गई है। यानी एक महीने में प्रति किलो आठ रुपये की बढ़ोतरी हुई है। इसी तरह बेसन 100 से बढ़कर 115 रुपये, मैदा 55 से 60 रुपये और सूजी 60 से 65 रुपये किलो हो गई है। इन सामग्रियों का इस्तेमाल दीवाली पर मिठाइयां, नमकीन और दूसरे पकवान बनाने में बड़े पैमाने पर होता है।

दाल, चावल से लेकर तेल और घी तक के बढ़े दाम

त्योहार से पहले दाल और चने की कीमतों में भी तेजी दर्ज की गई है। अरहर दाल का भाव 130 रुपये से बढ़कर 150 रुपये किलो हो गया है। चना दाल 95 से 105 रुपये और सामान्य चना 90 से 100 रुपये किलो बिक रहा है। वहीं, काबुली चने की कीमत 100 से बढ़कर 120 रुपये किलो पहुंच गई है।

सत्तू के दाम में भी 10 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है। चावल की अलग-अलग किस्मों के भाव में तीन से 10 रुपये प्रति किलो तक का इजाफा हुआ है। इसके अलावा सरसों तेल, रिफाइंड, घी और बटर भी महंगे हुए हैं। ऐसे में दीवाली के पकवान तैयार करने के लिए लोगों को इस बार ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं।

सितंबर के मुकाबले अक्टूबर में कितने बढ़े खाद्य पदार्थों के दाम?

पिछले एक महीने में कई जरूरी खाद्य सामग्रियों की कीमतों में बदलाव आया है। बाजार में सितंबर और अक्टूबर के भाव की तुलना इस प्रकार है।

सामान सितंबर का भाव अक्टूबर का भाव
चीनी 58 रुपये किलो 62-65 रुपये किलो
इंजन सरसों तेल 220 रुपये लीटर 225 रुपये लीटर
सत्तू 150 रुपये किलो 160 रुपये किलो
बेसन 100 रुपये किलो 115 रुपये किलो
गणेश मैदा 55 रुपये किलो 60 रुपये किलो
सूजी 60 रुपये किलो 65 रुपये किलो
सलोनी सरसों तेल 185 रुपये लीटर 190 रुपये लीटर
रिफाइंड 175 रुपये (750 मिली) 185 रुपये (एक लीटर)
घी 700 रुपये किलो 740 रुपये किलो
बटर 315 रुपये (500 ग्राम) 325 रुपये (500 ग्राम)
बटर 63 रुपये (100 ग्राम) 65 रुपये (100 ग्राम)
चांदी अर्क 100 रुपये (10 पीस) 120 रुपये (10 पीस)

ड्राई फ्रूट्स की कीमतों में भारी उछाल, पिस्ता 700 रुपये किलो महंगा

दीवाली पर मिठाइयों और उपहारों में इस्तेमाल होने वाले ड्राई फ्रूट्स भी महंगे हो गए हैं। काजू और बादाम की कीमत 1100 रुपये से बढ़कर 1300 रुपये किलो पहुंच गई है। मामरा बादाम का भाव 4200 से बढ़कर 4400 रुपये किलो हो गया है।

सबसे ज्यादा तेजी प्लेन पिस्ता की कीमत में देखने को मिली है। सितंबर में 2800 रुपये किलो बिकने वाला पिस्ता अब 3500 रुपये किलो पहुंच गया है। यानी एक महीने में 700 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। दूसरे प्रकार के पिस्ते की कीमत भी 1750 से बढ़कर 1900 रुपये किलो हो गई है।

वहीं, छुहाड़ा 300 से बढ़कर 350 रुपये किलो बिक रहा है। हालांकि, किशमिश की कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ है और यह अब भी 520 रुपये किलो पर बनी हुई है।

कॉरपोरेट गिफ्ट पैक भी होंगे महंगे, मिठाई कारोबार पर बढ़ेगा खर्च

दीवाली के मौके पर कंपनियां अपने ग्राहकों, कारोबारी सहयोगियों और कर्मचारियों को मिठाई तथा ड्राई फ्रूट्स के पैक उपहार में देती हैं। ऐसे में काजू, बादाम और पिस्ता की कीमतों में आई तेजी का असर कॉरपोरेट गिफ्टिंग पर भी पड़ सकता है। कंपनियों को इस बार उपहार तैयार कराने के लिए पहले से ज्यादा बजट खर्च करना पड़ सकता है।

दूसरी ओर, मिठाई दुकानदारों की लागत भी बढ़ने वाली है। चीनी, मैदा, बेसन, सूजी और घी जैसे जरूरी सामान महंगे होने से मिठाइयां तैयार करने का खर्च बढ़ सकता है। ऐसे में दीवाली से पहले खाद्य सामग्रियों और ड्राई फ्रूट्स की बढ़ती कीमतों ने आम परिवारों से लेकर कारोबारियों तक की चिंता बढ़ा दी है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be