धार में सहकारी समिति प्रबंधक के 3 ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा, 20 साल की नौकरी में 2.41 करोड़ की संपत्ति का खुलासा
धार: मध्य प्रदेश के धार जिले में लोकायुक्त की टीम ने बुधवार, 4 नवंबर 2026 को आदिम जाति सेवा सहकारी समिति के प्रबंधक शेरसिंह ठाकुर के तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इंदौर लोकायुक्त की अलग-अलग टीमों ने सोडपुर, नालछा और मांडव में तलाशी अभियान चलाया। शुरुआती जांच में अधिकारी की आय से अधिक संपत्ति का खुलासा हुआ है। करीब 20 साल की नौकरी के दौरान उन्हें लगभग 65 लाख रुपये वेतन मिला, जबकि उनकी संपत्ति वैध आय से 271.46 प्रतिशत अधिक पाई गई है। इसका अनुमानित मूल्य करीब 2 करोड़ 41 लाख 45 हजार रुपये बताया गया है।तीन ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान
लोकायुक्त की तीन अलग-अलग टीमें बुधवार सुबह से ही शेरसिंह ठाकुर से जुड़े ठिकानों पर दस्तावेजों और संपत्तियों की जांच कर रही हैं। यह कार्रवाई सोडपुर, नालछा और मांडव में की जा रही है। जांच टीम संपत्ति से जुड़े कागजात, निवेश और अन्य आर्थिक लेन-देन की जानकारी जुटा रही है।
जांच में सामने आईं ये संपत्तियां
लोकायुक्त की शुरुआती जांच में कई अचल संपत्तियों का पता चला है। इनमें नालछा के ग्राम सोडपुर में 0.1520 हेक्टेयर जमीन पर बना करीब 2400 वर्गफीट का दो मंजिला मकान शामिल है। इसकी अनुमानित निर्माण लागत करीब 97 लाख रुपये बताई गई है।
इसके अलावा मांडव रोड, नालछा में लगभग 1350 वर्गफीट का एक व्यावसायिक भवन भी मिला है, जिसकी कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है।
पत्नी के नाम पर कृषि भूमि, जेसीबी और ट्रैक्टर भी मिले
जांच के दौरान शेरसिंह ठाकुर की पत्नी कविता ठाकुर के नाम पर दर्ज कृषि भूमि का भी पता चला है। इसमें ग्राम सोडपुर (पीथमपुर) में 0.645 हेक्टेयर और ग्राम मांडव में 2.526 हेक्टेयर जमीन शामिल है।

इसके अलावा लोकायुक्त की टीम को जेसीबी, ट्रैक्टर और कार भी मिली हैं। इन संपत्तियों और वाहनों से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
लोकायुक्त ने शेरसिंह ठाकुर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम, 2018 की धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल तीनों ठिकानों पर तलाशी और संपत्तियों के मूल्यांकन की कार्रवाई जारी है। जांच पूरी होने के बाद मामले में और जानकारियां सामने आ सकती हैं।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
