Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

एम्स रायबरेली में संस्थान वाहन पार्किंग एवं ई-लाइब्रेरी पोर्टल का उद्घाटन

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायबरेली में संस्थान की आधारभूत सुविधाओं एवं शैक्षणिक संसाधनों को सुदृढ़ करने की दिशा में 03 नवंबर 2026 को दो महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इस क्रम में, कार्यकारी निदेशक डॉ. अमिता जैन द्वारा संस्थान वाहन पार्किंग का उद्घाटन प्रातः 11:00 बजे किया गया। यह पार्किंग राम बैरियर के निकट स्थित है। इस सुविधा के विकसित होने से संस्थान के आधिकारिक वाहनों को व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी तथा परिसर में यातायात प्रबंधन बेहतर होगा।

संस्थान की केंद्रीय लाइब्रेरी द्वारा ई-लाइब्रेरी पोर्टल का उद्घाटन एवं ई-संसाधनों पर प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक मेडिकल कॉलेज ब्लॉक के भूतल स्थित व्याख्यान कक्ष में आयोजित हुआ।

ई-लाइब्रेरी पोर्टल के माध्यम से संस्थान के संकाय सदस्यों, चिकित्सकों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों को बीएमजे जर्नल्स पर प्रकाशन शुल्क में 100 प्रतिशत छूट, स्कोपस, एम्बेस, अपटूडेट तथा आईथेंटिकेट साहित्यिक चोरी पहचान सॉफ्टवेयर एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित पहचान जैसी महत्वपूर्ण शैक्षणिक एवं शोध सुविधाओं तक पहुँच प्राप्त होगी।

कार्यक्रम के मुख्य संरक्षक पद्मश्री डॉ. आर. वी. रमानी, अध्यक्ष, एम्स रायबरेली; संरक्षक प्रो. (डॉ.) अमिता जैन, कार्यकारी निदेशक, एम्स रायबरेली तथा सह-संरक्षक डीन (अकादमिक) प्रो. (डॉ.) नीरज कुमारी थे। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. सौरभ पॉल, एसोसिएट प्रोफेसर एवं लाइब्रेरी समिति के संयोजक ने किया। डीन (अनुसंधान) डॉ. अर्चना वर्मा, उप-निदेशक (प्रशासन), कर्नल अखिलेश सिंह, वित्तीय सलाहकार कर्नल यू एन राय, अपर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीरज कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य संकाय सदस्य, अधिकारी एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।

प्रशिक्षण सत्र में बीएमजे, एल्सेवियर, वॉल्टर्स क्लूवर एवं टर्निटिन के विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न ई-संसाधनों के उपयोग, शोध लेखन, साहित्यिक चोरी की पहचान तथा शोध कार्यों में डिजिटल संसाधनों की उपयोगिता के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।

इन दोनों पहलों से एम्स रायबरेली में संस्थागत सुविधाओं, सुगम यातायात व्यवस्था, शैक्षणिक गतिविधियों एवं अनुसंधान कार्यों को और अधिक सशक्त बनाने में सहायता मिलेगी।

--------------------------------------------------------------------------------------------------- https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be