विदेश

नेपाल में फिर बढ़ा बाढ़ का खतरा, भोटेकोशी नदी का जलस्तर चढ़ा; अलर्ट जारी, 780 मौतों से मचा हड़कंप

काठमांडू: 26 अगस्त की भयावह बाढ़ की त्रासदी से जूझ रहे नेपाल में एक बार फिर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। रविवार को भोटेकोशी नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद अधिकारियों ने नया अलर्ट जारी किया है। बाढ़ प्रभावित जिलों में रहने वाले लोगों के साथ बचाव अभियान में जुटे कर्मियों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है। इस आपदा में अब तक 780 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 2,202 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।

भोटेकोशी नदी का जलस्तर बढ़ने से बढ़ी चिंता

राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण ने रविवार को भोटेकोशी नदी का जलस्तर बढ़ने की जानकारी देते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार शव बरामद किए जा रहे हैं। आपदा के पांचवें दिन भी 20 हजार से अधिक बचावकर्मी लापता लोगों की तलाश और अलग-अलग स्थानों पर फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने में जुटे रहे।

नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल के मुताबिक, अब तक 9,500 लोगों को बचाया जा चुका है। वहीं शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, बाढ़ प्रभावित तीन जिलों के अलग-अलग स्कूलों के 238 छात्र और 18 शिक्षक अब भी लापता हैं।

चीन की तरफ बनी झील से भी खतरा

बताया जा रहा है कि नेपाल-तिब्बत सीमा के पराडिगखड पशुतांगखेड़ा क्षेत्र में भूस्खलन के बाद आई बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई। भोटेकोशी नदी में पानी बढ़ने से कई घर, सड़कें और पुल बह गए।

बाढ़ का खतरा उस समय और बढ़ गया जब भूस्खलन के बाद चीन की ओर एक झील बन गई। हालांकि चीनी मीडिया के अनुसार शनिवार को झील का आकार कम होने लगा, जिससे खतरा कुछ घटने की बात कही गई है।

जलविद्युत परियोजनाओं में फंसे लोगों को बचाने में जुटी भारतीय टीम

-------------------------------------------------------------------------------------------

बाढ़ के कारण करीब एक दर्जन जलविद्युत परियोजनाओं में लोगों के फंसे होने की आशंका है। राहत और बचाव अभियान में भारत की 11 सदस्यीय टीम भी मदद कर रही है। त्रिशूली जलविद्युत परियोजना में सुरक्षाबल भारतीय सुरंग विशेषज्ञों की सहायता से फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुटे हैं। बारिश के बावजूद बचाव अभियान जारी रखा गया है।

बिहार में गंडक और कोसी का जलस्तर भी बढ़ा

नेपाल में लगातार तीन दिनों से हो रही भारी बारिश का असर बिहार में भी दिखाई दे रहा है। पटना से मिली जानकारी के अनुसार, गंडक और कोसी नदियों में एक बार फिर उफान आया है। पिछले 24 घंटे में दोनों नदियों के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हुई है।

आशंका जताई गई है कि सोमवार दोपहर तक बाढ़ का पानी पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सारण और गोपालगंज के इलाकों से गुजर सकता है।

नेपाल में 149 भारतीयों को कराया गया सुरक्षित

नेपाल में आई बाढ़ के बाद 149 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित बचाया गया है। विदेश मंत्रालय ने रविवार को इन लोगों की सूची जारी की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि नेपाल में तैनात भारतीय फोरेंसिक टीम से भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने मुलाकात की है।भारतीय फोरेंसिक टीम बाढ़ में मारे गए लोगों के डीएनए नमूनों की जांच करेगी, ताकि मृतकों की पहचान में मदद मिल सके।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------