जर्मनी का जलवा! स्पेन को 1-0 से हराकर लगातार दूसरी बार बना हॉकी वर्ल्ड कप चैंपियन
एरेना: बेलफियस एरेना में खेले गए बेहद रोमांचक फाइनल में जर्मनी ने स्पेन को 1-0 से शिकस्त देकर लगातार दूसरी बार पुरुष हॉकी विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ जर्मनी ने चौथी बार विश्व कप ट्रॉफी जीतने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। फाइनल में दोनों टीमों ने मजबूत रक्षात्मक खेल दिखाया, लेकिन निर्णायक मौके पर जर्मनी ने बाजी मार ली।
तीसरे क्वार्टर में आया मैच का इकलौता गोल
मुकाबले का एकमात्र गोल तीसरे क्वार्टर के अंतिम क्षणों में आया। स्पेन की रक्षापंक्ति से हुई चूक का फायदा हानेस मुलर ने उठाया और स्पेनिश सर्कल के ऊपरी हिस्से में मिली गेंद को मिशेल स्ट्रूथॉफ की ओर रिवर्स पास किया। पॉल-फिलिप कॉफमैन के सहयोग से बने इस मौके को स्ट्रूथॉफ ने गोल में बदल दिया। उन्होंने स्पेनिश गोलकीपर लुईस काल्जादो को छकाते हुए गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचा दिया।

शुरुआत से ही दोनों टीमों में दिखी कड़ी टक्कर
मैच के शुरुआती 90 सेकंड में ही जर्मनी को पेनल्टी कॉर्नर मिल गया था। हालांकि बेनेडिक्ट श्वार्जहॉप्ट के ड्रैगफ्लिक को काल्जादो ने शानदार बचाव करते हुए रोक दिया। इसके बाद जोर्डी बोनास्ट्रे की अगुआई में स्पेनिश रक्षापंक्ति ने जर्मनी के फॉरवर्ड खिलाड़ियों को ज्यादा मौके नहीं दिए। दूसरी ओर स्पेन को तीसरे क्वार्टर में लगातार तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन जर्मनी के थियो हिंरिच्स ने बेहतरीन फर्स्ट रश करते हुए खतरा टाल दिया। स्पेन के कप्तान मार्क मिरालेस और पेपे कुनिल भी इन मौकों को गोल में नहीं बदल सके।
अंतिम चार मिनट में स्पेन ने लगाया पूरा जोर
मुकाबला समाप्त होने से करीब चार मिनट पहले स्पेन ने बराबरी के लिए बड़ा जोखिम उठाया। टीम ने गोलकीपर लुईस काल्जादो को मैदान से बाहर बुलाकर एक अतिरिक्त आउटफील्ड खिलाड़ी उतारा। इसके बावजूद स्पेन जर्मनी की मजबूत रक्षापंक्ति को भेदने में सफल नहीं हो सका। जर्मनी ने आखिरी सीटी तक अपनी बढ़त कायम रखी और लगातार दूसरी बार विश्व कप ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया।
-------------------------------------------------------------------------------------------
फिर टूटा स्पेन का विश्व कप जीतने का सपना
इस हार के साथ स्पेन का पहली बार पुरुष हॉकी विश्व कप जीतने का इंतजार एक बार फिर बढ़ गया। इससे पहले भी 1971 और 1998 के फाइनल में स्पेन को निराशा का सामना करना पड़ा था। अब फाइनल में एक और हार के बाद टीम का पहला विश्व कप खिताब जीतने का सपना अधूरा रह गया।

