पंचायतों के बाद नगरीय निकायों में भी भाजपा को बड़ी सफलता, 41 जिला पंचायतों में भाजपा के अध्यक्ष

भोपाल: पंचायतों के बाद अब नगरीय निकायों में भी प्रदेश में सत्तारूढ़ दल भाजपा को बड़ी सफलता मिल रही है। अब तक हुए 169 निकायों के चुनाव में से 151 पर भाजपा के अध्यक्ष चुने गए। इस तरह करीब 95 फीसद निकायों पर उसका कब्जा हो चुका है। इससे पहले 51 जिला पंचायतों में से 41 पर उसे अपने अध्यक्ष बनवाने में सफलता मिली। एक जिला पंचायत सीधी समेत 255 निकायों के चुनाव 13 अगस्त को होना है। कई जगह ऐसी हैं जहां कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला।

ज्ञात हो कि पहली बार नगर पालिका व नगर परिषदों में अध्यक्ष के चुनाव अप्रत्यक्ष प्रणाली से कराए जा रहे हैं। बीते माह 18 एवं 20 जुलाई को नगरीय निकायों के चुनाव परिणाम आने के बाद अध्यक्ष के चुनाव की अलग-अलग अवधि में अधिसूचना जारी की गई। इसके आधार पर अब तक 169 निकायों में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के चुनाव कराए जा चुके हैं। खास बात यह कि इनमें से 151 पर भाजपा को अपना अध्यक्ष बनाने में सफलता अर्जित हुई।

शिवराज,भूपेंद्र ने बताया अभूतपूर्व सफलता
पंचायतों व निकायों में मिली इस सफलता को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं नगरीय विकास व आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने अभूतपूर्व बताया है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के इतिहास में पहली बार इस तरह की सफ लता मिली है। प्रदेश के गांव और शहरों की जनता का अभूतपूर्व समर्थन मिल रहा है।

13 अगस्त तक चलने वाली चुनावी प्रक्रिया में भाजपा के पक्ष में ऐसे ही परिणाम आएंगे। उन्होंने सभी निर्वाचित सभापतियों और अध्यक्षों को बधाई दी है। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि हमारे देश-प्रदेश के नागरिकों को सिर्फ यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से ही उम्मीद है। पहले की सरकारों ने देश और प्रदेश का जो हाल किया था, उससे नागरिक डर चुके थे और उनको अब दोबारा मौका देना नहीं चाहते।

85 फीसद जगह सफलता,प्रदेशाध्यक्ष ने दी बधाई
सोमवार को 62 स्थानों पर हुए निर्वाचन में 53 स्थानों पर भारतीय जनता पार्टी के पार्षद अध्यक्ष व सभापति चुने गए। प्रमुख निकायों में इंदौर, भोपाल, कटनी, छिंदवाड़ा, बुरहानपुर, सतना, खंडवा व छिंदवाड़ा नगर निगम भी शामिल हैं। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने निर्वाचित हुए सभी अध्यक्षों को बधाई देते हुए कहा कि जनता के आशीर्वाद से भाजपा लगातार जीत का परचम लहरा रही है। यह जनता के विश्वास और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है।

कमलनाथ के गढ़ में भाजपा को बड़ी कामयाबी
छिंदवाड़ा जिले की चौरई विधानसभा की चौरई नगर पालिका और चांद एवं बिछुआ नगर परिषद में भाजपा के अध्यक्ष बने। नगर पालिका चौरई में अध्यक्ष पूर्णिमा शरद जैन (बीजेपी) जीतीं। नगर पालिका अमरवाड़ा में अध्यक्ष प्रीति नितिन तिवारी(भाजपा) विजय हुईं। नगर परिषद चांद में अध्यक्ष ठाकुर दान सिंह(बीजेपी) जीते। नगर परिषद बिछुआ, अध्यक्ष रामचंद्र बोबड़े(भाजपा) विजय हुए। नगर पंचायत लोधी खेड़ा, भाजपा समर्थित प्रत्याशी अर्चना वीरेंद्र जायसवाल अध्यक्ष बनीं।

सिवनी के बरघाट में पहली बार भाजपा
सिवनी जिले की बरघाट नगर परिषद में पहली बार भाजपा जीती। यहां पार्टी प्रत्याशी श्रीमती इमरती साहू ने जीत दर्ज की है। भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष इसे ऐतिहासिक जीत बताया।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया The Lucknow Tribune के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें... -------------------------
E-Paper