विदेश

पाकिस्तान का अफगानिस्तान में फिर एयरस्ट्राइक का दावा, 10 ठिकानों पर हमला; सीमा तनाव बढ़ा

इस्लामाबाद: पाकिस्तान ने गुरुवार तड़के अफगानिस्तान में 10 ठिकानों पर एयरस्ट्राइक करने का दावा किया है। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तारड़ के मुताबिक, इन ठिकानों का इस्तेमाल एक दिन पहले पाकिस्तान पर ड्रोन हमलों के लिए किया गया था। ताजा सैन्य कार्रवाई के बाद पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव और बढ़ गया है।

पाकिस्तानी अधिकारियों के अनुसार, अफगान तालिबान की ओर से पाकिस्तान पर 8 ड्रोन भेजे गए थे और सीमा चौकियों पर गोलाबारी भी की गई थी। पाकिस्तान का दावा है कि सभी ड्रोन सीमा में प्रवेश करने से पहले ही मार गिराए गए और इस दौरान कोई नुकसान नहीं हुआ। हालांकि, तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने बुधवार को अफगान तालिबान की ओर से पाकिस्तान पर किसी हमले से इनकार किया था।

घुसपैठ और सीमा चौकियों पर हमले का दावा

पाकिस्तानी अधिकारियों ने दावा किया कि अफगानिस्तान के पक्तिया और नंगरहार प्रांतों के पास से कुछ लड़ाकों ने पाकिस्तान में घुसपैठ की कोशिश की। पाकिस्तान इन लड़ाकों के लिए ‘फितना-उल-खवारिज’ शब्द का इस्तेमाल करता है, जिससे उसका आशय तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) से है।

अधिकारियों के मुताबिक, घुसपैठ की कोशिश नाकाम होने के बाद अफगान तालिबान ने पाकिस्तानी सीमा चौकियों पर मोर्टार और भारी हथियारों से हमला किया। इसके जवाब में पाकिस्तानी सेना ने तालिबान की सीमा चौकियों, मोर्टार ठिकानों और अन्य रक्षा प्रतिष्ठानों पर तोपों से हमला किया।

पाकिस्तानी अधिकारियों का दावा है कि इस कार्रवाई के बाद तालिबान की कुछ चौकियां खाली कर दी गईं और वहां नुकसान हुआ। हालांकि, इन सैन्य दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

दो दिन पहले भी पाकिस्तान ने की थी एयरस्ट्राइक

-------------------------------------------------------------------------------------------

पाकिस्तान ने सोमवार को भी पूर्वी अफगानिस्तान में एयरस्ट्राइक करने का दावा किया था। पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय के अनुसार, उस कार्रवाई में 28 आतंकियों के मारे जाने का दावा किया गया था। वहीं, अफगान अधिकारियों ने कम से कम 3 नागरिकों की मौत और 4 लोगों के घायल होने की जानकारी दी थी। संयुक्त राष्ट्र के अफगानिस्तान मिशन ने भी नागरिकों के हताहत होने की पुष्टि की थी।

इससे पहले खैबर पख्तूनख्वा के हंगू में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में 6 पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी मारे गए थे। इसके अलावा पास के कोहाट में पुलिस परिसर की मस्जिद में आत्मघाती हमला हुआ था। इसके बाद करीब 20 घंटे तक चली मुठभेड़ में कम से कम 21 लोगों की मौत हुई थी। पाकिस्तान इन हमलों के लिए पाकिस्तानी तालिबान और उससे जुड़े आतंकी गुटों को जिम्मेदार ठहराता रहा है।

सीमा पर बढ़ते तनाव से शांति प्रयासों पर असर

पाकिस्तान की ताजा एयरस्ट्राइक, ड्रोन हमलों और सीमा पर गोलाबारी के दावों के बीच दोनों देशों के बीच पिछले कई हफ्तों से बनी शांति पर फिर संकट बढ़ गया है। चीन, तुर्की, कतर और सऊदी अरब दोनों देशों के बीच तनाव कम करने के प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में ताजा सैन्य घटनाक्रम इन मध्यस्थता प्रयासों को भी प्रभावित कर सकता है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------