Wednesday, September 16, 2026
Latest:
उत्तर प्रदेश

पीलीभीत में ‘मिर्जापुर’ जैसा कब्जे का खेल नाकाम, 90 एकड़ जमीन पर हथियारों के साथ पहुंचे 37 गिरफ्तार

पीलीभीत: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में 90 एकड़ विवादित जमीन पर कब्जे की कोशिश ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। अमरिया क्षेत्र के गजरौला फार्म में दूसरे पक्ष के दर्जनों लोग राइफल, पिस्टल, जिंदा कारतूस और तलवारों के साथ कई ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से पहुंच गए और करीब दो घंटे तक जमीन की जुताई करते रहे। मामला राजस्व बोर्ड और बरेली मंडलायुक्त की अदालत में विचाराधीन होने के बावजूद कब्जे की कोशिश की गई। सूचना मिलते ही अमरिया पुलिस मौके पर पहुंची और 37 लोगों को हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने पकड़े गए लोगों के कब्जे से पांच राइफल, एक पिस्टल, 60 जिंदा कारतूस और चार तलवारें बरामद की हैं। मौके से सात कार और तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियां भी पुलिस ने कब्जे में ली हैं। बताया गया कि बाहरी लोग रामपुर के बिलासपुर और उत्तराखंड के बाजपुर, किच्छा और हल्द्वानी से आए थे।

राजस्व बोर्ड में मामला लंबित, फिर भी कब्जे की कोशिश

गजरौला फार्म निवासी श्रवण दत्त सिंह ने पुलिस को बताया कि 90 एकड़ जमीन को लेकर उनका उत्तराखंड के हल्द्वानी निवासी नरवैल सिंह से विवाद चल रहा है। यह मामला राजस्व बोर्ड में विचाराधीन है। इसी बीच सोमवार शाम यशविन सिंह, जितेंद्र सिंह, दर्शन सिंह और चरनजीत सिंह कथित तौर पर 70 से 80 लोगों के साथ कारों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से फार्म पर पहुंचे और खेत की जुताई शुरू कर दी।

श्रवण दत्त सिंह के मुताबिक उस समय वह सूरजपुर गए हुए थे। उनके पक्ष के लोगों ने मौके पर पहुंचकर जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। बताया गया कि मौके पर पहुंचे लोगों के पास राइफल, पिस्टल, तलवार और कारतूस थे।

जमीन बेचने के बाद शुरू हुआ विवाद

बताया गया कि विवादित जमीन दूसरे पक्ष ने उत्तराखंड के हल्द्वानी निवासी एक व्यक्ति को बेच दी थी। हालांकि मामला राजस्व बोर्ड में लंबित होने के कारण पीड़ित पक्ष फैसले का इंतजार कर रहा था। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इससे पहले आरोपी पक्ष ने अमरिया तहसील के एसडीएम से संपर्क कर जमीन पर कब्जे का आदेश करा लिया था।

इसकी जानकारी मिलने के बाद पीड़ित पक्ष ने बरेली मंडलायुक्त के यहां अपील दायर की थी। आरोप है कि इसके बाद से दूसरे पक्ष के लोग फार्म हाउस की लगातार निगरानी कर रहे थे। सोमवार को भारी संख्या में लोगों के साथ पहुंचकर करीब दो घंटे तक ट्रैक्टरों से जमीन की जुताई की गई।

रामपुर और उत्तराखंड से पहुंचे थे लोग

-------------------------------------------------------------------------------------------

पुलिस के मुताबिक हिरासत में लिए गए लोगों में रामपुर के बिलासपुर के अलावा उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के गदरपुर, बाजपुर, हल्द्वानी और किच्छा के लोग शामिल हैं। आरोप है कि कई घंटे तक जमीन पर कब्जे की कोशिश चलती रही, लेकिन स्थानीय पुलिस और प्रशासन को इसकी जानकारी नहीं हो सकी। सूचना मिलने के बाद अमरिया पुलिस सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।

उच्च अधिकारियों के पहुंचते ही मचा हड़कंप

विवादित जमीन पर कब्जे की सूचना एसपी समेत वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंची तो पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। सहायक पुलिस अधीक्षक नताशा गोयल भी अमरिया थाने पहुंचीं। उन्होंने पहले पीड़ित पक्ष से घटनाक्रम की जानकारी ली और बाद में हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की। देर रात तक वरिष्ठ अधिकारी थाने में मौजूद रहे।

दोनों पक्षों की भीड़ थाने में जुटी

घटना के बाद देर रात तक अमरिया थाने में दोनों पक्षों के लोग जुटे रहे। श्रवणदत्त सिंह अमरिया के पूर्व ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं। घटना की जानकारी मिलते ही उनके पक्ष के कई लोग थाने पहुंच गए। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

डीएम ज्ञानेंद्र सिंह के अनुसार दोनों पक्षों से जमीन से जुड़े दस्तावेज मांगे गए हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक से भी बात की गई है और मामले में रिपोर्ट मंगाई गई है। दस्तावेज और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------