फ्रांस में बड़े विरोध-प्रदर्शन से पहले हाई अलर्ट, 70 हजार पुलिसकर्मी तैनात; हेलीकॉप्टर और बख्तरबंद वाहन भी तैयार
पेरिस: फ्रांस में शनिवार को प्रस्तावित बड़े विरोध-प्रदर्शनों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पिछले सप्ताह हुई हिंसा और लूटपाट की घटनाओं के बाद प्रशासन ने देशभर में करीब 70 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए विशेष पुलिस बल, हेलीकॉप्टर, बख्तरबंद वाहन, डॉग स्क्वॉड और पानी की बौछार करने वाली गाड़ियों को भी तैयार रखा गया है। सरकार का जोर प्रदर्शन के दौरान हिंसा, तोड़फोड़ और लूटपाट रोकने पर है।फ्रांस के गृह मंत्री लॉरेंट नुनेज ने शुक्रवार को चेतावनी दी कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और हिंसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन को आशंका है कि कुछ उपद्रवी समूह विरोध-प्रदर्शनों की आड़ में हालात बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं।
पेरिस में छात्र यूनियन ने किया प्रदर्शन का आह्वान
शनिवार दोपहर पेरिस में बड़े प्रदर्शन का आह्वान किया गया है। फ्रांस की प्रमुख छात्र यूनियन UNEF ने इसका आयोजन किया है, जबकि ट्रेड यूनियन CGT ने भी इसमें शामिल होने की घोषणा की है। किसानों, जलवायु कार्यकर्ताओं और येलो वेस्ट आंदोलन से जुड़े लोगों के भी प्रदर्शन में शामिल होने की उम्मीद है।
रिपोर्ट के मुताबिक, पेरिस में प्रस्तावित इस प्रदर्शन को प्रशासन से अनुमति मिली है। वहीं, राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने ट्रेड यूनियनों से जुड़े प्रदर्शनों के अलावा अन्य विरोध-प्रदर्शनों पर प्रतिबंध लगाने की बात कही है। सरकार का कहना है कि इन कदमों का उद्देश्य देश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को नियंत्रित करना है।
पिछले सप्ताह हिंसा और लूटपाट से बिगड़े थे हालात
फ्रांस में शिक्षा व्यवस्था, रोजगार के अवसरों और बढ़ती महंगाई जैसे मुद्दों को लेकर पिछले कुछ समय से विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं। शुरुआत में इनमें बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए और प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहे, लेकिन बाद में कई स्थानों पर हालात बिगड़ने और हिंसा की घटनाएं सामने आईं।
पिछले सप्ताह देश के विभिन्न हिस्सों में तोड़फोड़ और लूटपाट की खबरें आई थीं। इन्हीं घटनाओं को देखते हुए प्रशासन इस बार पहले से अधिक सतर्क है। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि कुछ समूह अशांति का फायदा उठाकर सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
70 हजार सुरक्षाकर्मियों के साथ विशेष इकाइयां भी तैनात

प्रदर्शन के मद्देनजर देशभर में करीब 70 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इनके साथ विशेष सुरक्षा इकाइयों और मोबाइल दस्तों को भी तैयार रखा गया है। जरूरत पड़ने पर हेलीकॉप्टरों और बख्तरबंद वाहनों की मदद ली जा सकती है।
पेरिस में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शहर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है। आतंकवाद रोधी सुरक्षा व्यवस्था के तहत गश्त करने वाले सैन्य जवानों की संख्या बढ़ाने की भी तैयारी है, ताकि पुलिसकर्मियों को प्रदर्शन वाले इलाकों में लगाया जा सके।
प्रवासियों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी
फ्रांस में हालिया हिंसा को लेकर कुछ दक्षिणपंथी नेताओं ने प्रवासियों और कट्टरपंथी इस्लाम पर सवाल उठाए हैं। हालांकि, राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने इन आरोपों को खारिज किया है। ऐसे में विरोध-प्रदर्शनों के बीच राजनीतिक बयानबाजी भी चर्चा में है।
फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता शनिवार को कानून-व्यवस्था बनाए रखना और हिंसा की किसी भी आशंका को रोकना है। बड़े पैमाने पर सुरक्षाबलों की तैनाती के बीच प्रदर्शन किस तरह आगे बढ़ते हैं, इस पर नजर रहेगी।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
