राज्य

बड़ी बहन से शादी करना चाहता था अमन, अवैध संबंधों के शक में छोटे दामाद ने बिजली के तार से गला घोंटकर मार डाला

हल्द्वानी: वनभूलपुरा कोतवाली क्षेत्र के जवाहर नगर में मंगलवार रात अवैध संबंधों के शक में 29 वर्षीय अमन ठाकुर की हत्या कर दी गई। आरोप है कि महिला की दूसरी बेटी के पति ने अमन पर पत्नी के साथ संबंध होने का शक करते हुए पहले उससे मारपीट की और बाद में घर में घुसकर बरामदे में सो रहे अमन का बिजली के तार से गला घोंट दिया। घटना के बाद आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की जा रही है।

एसपी सिटी मनोज कत्याल के मुताबिक, जवाहर नगर वार्ड-14 निवासी महिला का करीब तीन साल पहले गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़ निवासी अमन ठाकुर से संपर्क हुआ था। अमन मेरठ के एक अस्पताल में सफाई का काम करता था और बाद में किसी परिचित के जरिए हल्द्वानी आया था। तब से वह महिला और उसके परिवार के साथ ही रह रहा था।

महिला अमन की शादी अपनी बड़ी बेटी से कराना चाहती थी

महिला के पति की पहले ही मौत हो चुकी है और वह नगर निगम में सफाईकर्मी के तौर पर काम करती है। उसके परिवार में चार बेटियां और एक बेटा है। महिला के मुताबिक, तीन बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि एक बेटी और बेटा अभी छोटे हैं।

महिला ने बताया कि वह अमन की शादी अपनी सबसे बड़ी बेटी से कराना चाहती थी। इसी वजह से अमन का उनके घर आना-जाना था। महिला अमन को अपने घर ले आई थी, लेकिन बड़ी बेटी ने उससे शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद महिला ने अमन से कहा कि वह दामाद नहीं बन सकता, लेकिन मुंहबोले बेटे की तरह घर में रह सकता है।

दूसरे दामाद को था पत्नी और अमन के संबंधों का शक

महिला की दूसरी बेटी का ससुराल उसके घर के पास ही है और वह अक्सर मायके आती-जाती थी। महिला के अनुसार, उसके दामाद को लंबे समय से अपनी पत्नी और अमन के बीच कथित अवैध संबंधों का शक था।

आरोप है कि मंगलवार रात दामाद महिला के घर पहुंचा और अमन के साथ मारपीट की। कुछ देर बाद जब घर के सभी लोग सो गए तो वह दोबारा वहां पहुंचा। पुलिस के अनुसार, बरामदे में गहरी नींद में सो रहे अमन का बिजली के तार से गला घोंटकर हत्या करने का आरोप है।

सीओ अमित सैनी ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

-------------------------------------------------------------------------------------------

हत्या के बाद घर जाकर सो गया आरोपी

पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रात में अपने घर चला गया और वहां जाकर सो गया। जिस बिजली के तार से हत्या किए जाने का आरोप है, उसे वह घटनास्थल पर ही छोड़ गया था। पुलिस ने उसे कब्जे में ले लिया है।

बुधवार सुबह पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। अमन के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है।

बर्थडे पार्टी में भी हुआ था विवाद

सीओ अमित सैनी के अनुसार, जिस स्थान पर अमन रहता था, उसके पड़ोस में मंगलवार रात एक बच्चे की जन्मदिन की पार्टी थी। अमन भी कुछ देर के लिए वहां गया था। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद विवाद बढ़ गया और रात में अमन की हत्या कर दी गई।

घटना के समय महिला रामपुर गई हुई थी। बुधवार सुबह आरोपी की पत्नी ने उसे अमन की हत्या की जानकारी दी, जिसके बाद वह हल्द्वानी पहुंची। पुलिस मामले में परिवार के सदस्यों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------