बीबीएयू में टीबी मरीजों को वितरित की गईं पोषण पोटलियां, छह माह तक चलेगा अभियान
![]()
लखनऊ: बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में दिनांक 17 सितंबर को टीबी मरीजों के सहयोग एवं पोषण संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने के उद्देश्य से पोषण पोटली वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रदेशव्यापी अभियान माननीय राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल के दिशा-निर्देशन में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर प्रारंभ किया गया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने की। इसके अतिरिक्त मुख्य तौर पर डीन ऑफ अकेडमिक अफेयर्स प्रो. एस. विक्टर बाबू, कुलसचिव डॉ. अश्विनी कुमार सिंह, डॉ. रवि शंकर वर्मा एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास श्रीवास्तव मौजूद रहे। इस अभियान के अंतर्गत विश्वविद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों द्वारा स्वेच्छा से योगदान किया गया, जिसके माध्यम से आवश्यक पोषण सामग्री की खरीद की गई। इन्हीं सामग्रियों को पोषण पोटली के रूप में तैयार कर टीबी मरीजों को वितरित किया गया।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने टीबी मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि टीबी जैसी बीमारी से लड़ने के लिए चिकित्सा उपचार के साथ-साथ मरीजों के पोषण और मानसिक संबल पर भी ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से ही टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है। उन्होंने मरीजों को आश्वस्त किया कि विश्वविद्यालय की ओर से उनके उपचार एवं आवश्यक सहयोग के लिए हरसंभव मदद उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
-------------------------------------------------------------------------------------------
प्रो. मित्तल ने विश्वविद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों द्वारा इस अभियान में किए गए योगदान की सराहना करते हुए कहा कि यह उनकी सामाजिक जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और सेवा भावना का परिचायक है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों, कर्मचारियों और अन्य सभी नागरिकों को को समाज के जरूरतमंद वर्गों के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए ऐसे जनकल्याणकारी अभियानों में सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए। इस प्रकार के प्रयास न केवल जरूरतमंदों को सहयोग प्रदान करते हैं, बल्कि युवाओं में सामाजिक सरोकार एवं सेवा भावना को भी मजबूत करते हैं।
विश्वविद्यालय द्वारा इस अभियान के अंतर्गत टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित करने का सिलसिला आगामी छह माह तक जारी रहेगा। इस दौरान जरूरतमंद मरीजों को निरंतर पोषण संबंधी सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान प्रो. शालिनी अग्रवाल, प्रो. संजय कुमार, प्रो. रचना गंगवार, प्रो. महेंद्र कुमार पाढी, डॉ. मनोज कुमार डडवाल, अन्य शिक्षक एवं क्षय रोग के मरीज उपस्थित रहे।

