महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय को बड़ी उपलब्धि । आईआईआरसी इंडिया रैंकिंग 2026 में उत्तर प्रदेश में तीसरा और देश में 75वां स्थान हासिल
बरेली,11अक्टूबर। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय (MJPRU), बरेली के लिए एक गौरवशाली क्षण है। इंडिया इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग कंसोर्टियम (IIRC) द्वारा हाल ही में जारी ‘आईआईआरसी इंडिया (यूनिवर्सिटी) रैंकिंग 2026’ में विश्वविद्यालय ने शानदार प्रदर्शन किया है। इस रैंकिंग में विश्वविद्यालय को पूरे उत्तर प्रदेश में तीसरा (3rd) और भारत में 75वां (75th) स्थान प्राप्त हुआ है। यह रैंकिंग देश भर के उच्च शिक्षण संस्थानों के मूल्यांकन के आधार पर जारी की गई है।

विश्वविद्यालय परिवार इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय माननीय राज्यपाल उत्तर प्रदेश, श्रीमती आनंदीबेन पटेल के कुशल मार्गदर्शन और विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अनिल कुमार राय के नेतृत्व को देता है। माननीय राज्यपाल का विजन और समर्थन उच्च शिक्षा समुदाय को निरंतर बड़ी उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित करता रहा है।
कुलपति का संदेश:- इस गौरवपूर्ण अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अनिल कुमार राय ने कहा, “यह उपलब्धि महामहिम राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल जी के मार्गदर्शन और हमारे सामूहिक प्रयासों, समर्पण और शैक्षणिक उत्कृष्टता की दिशा में निरंतर बढ़ते कदमों का प्रतिफल है। यह हमारे संस्थागत विकास को दर्शाता है। मैं विश्वविद्यालय के सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और मेहनती छात्रों को हार्दिक बधाई देता हूं। हम आने वाले समय में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस उपलब्धि पर माननीय राज्यपाल और कुलपति महोदय को हार्दिक बधाई दी है। एमजेपीआरयू (MJPRU) गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान एवं नवाचार, समग्र विकास और वैश्विक भागीदारी के मूल्यों के साथ उच्च शिक्षा में उत्कृष्टता के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सकसेना की रिपोर्ट

