महारानी एलिजाबेथ के अंतिम संस्कार में पहुंचेंगी राष्ट्रपति मुर्मू, विश्व के 500 नेता भी होंगे शामिल

नई दिल्ली। राष्ट्रपति मुर्मू भारत सरकार की ओर से संवेदना व्यक्त करने के लिए महारानी के अंतिम संस्कार में शामिल होंगी। दुनियाभर के करीब 500 से ज्यादा गणमान्य के महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का राजकीय अंतिम संस्कार 17-19 सितंबर 2022 को होने जा रहा है। वहीं भारत की तरफ से शामिल होने और भारत सरकार की ओर से संवेदना व्यक्त करने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू लंदन जाएंगी।

इसकी जानकारी विदेश मंत्रालय ने बुधवार को दी। बता दें महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का आठ सितंबर को निधन हो गया था और भारत ने रविवार को राष्ट्रीय शोक भी व्यक्त किया था। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन पर राष्ट्रपति मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। इसी के साथ विदेश मंत्री एस जयशंकर ने 12 सितंबर को यहां ब्रिटिश उच्चायोग का दौरा किया और भारत की ओर से संवेदना व्यक्त की।

राजा-रानियों, राष्ट्राध्यक्षों, सरकार के प्रमुखों सहित लगभग 500 विश्व नेताओं के साथ-साथ विदेशी गणमान्य व्यक्तियों के अंतिम संस्कार में शामिल होने की उम्मीद है, जो हाल के इतिहास में ब्रिटेन की सबसे महत्वपूर्ण राजनयिक घटनाओं में से एक है।

महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने तीन बार भारत की यात्रा की। पहली बार दिल्ली के रामलीला मैदान में 1961 में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का भव्य स्वागत किया गया था। यहां उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की मौजूदगी में बड़ी सभा को संबोधित किया था। उन्होंने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के एक परिसर का औपचारिक उद्घाटन भी किया था। वे 1983 और 1997 में भी भारत आई थीं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया The Lucknow Tribune के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें... -------------------------
E-Paper