मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के लक्ष्यों को 30 नवंबर तक शत-प्रतिशत पूर्ण करें : मुख्य विकास अधिकारी

बरेली, 24 नवंबर। मुख्य विकास अधिकारी देवयानी की अध्यक्षता में कल मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं बैंकर्स को योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने समस्त बैंकर्स को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायत स्तर पर बैंकवार कैंप आयोजित किए जाएं, जिनमें अधिक से अधिक युवाओं एवं इच्छुक लोगों को योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा ऋण सुविधा के संबंध में जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ पात्र युवाओं तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाए। सभी बैंक अपने निर्धारित लक्ष्यों को 30 नवंबर तक शत-प्रतिशत पूर्ण करना सुनिश्चित करें, जिससे मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की रैंकिंग में जनपद की स्थिति बेहतर हो सके।

समीक्षा के दौरान पीएनबी, एसबीआई एवं यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में ऋण वितरण संबंधी आवेदन लंबित पाए जाने पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित बैंकों के शाखा प्रबंधकों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करते हुए ऋण वितरण में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि ऋण वितरण के उपरांत संबंधित आवेदन को पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड किया जाए, ताकि प्रगति का सही विवरण उपलब्ध रहे। योजना की नियमित समीक्षा के लिए माह में दो बार बैठक आयोजित करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में उपायुक्त उद्योग विकास यादव, लीड बैंक मैनेजर सहित विभिन्न बैंकों के अधिकारी एवं बैंकर्स उपस्थित रहे।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
