Thursday, June 25, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

यूपी में प्रचंड शीतलहर का ‘वार’, 36 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट, कब मिलेगी हाड़ कंपाने वाली सर्दी से राहत जाने

लखनऊ। प्रदेश में कोहरे और गलन का चक्र टूट नहीं रहा है। लगातार चौथे दिन मंगलवार को भी कई जिलों में सुबह की शुरुआत कोहरे के साथ हुई। दोपहर में धूप निकली, मगर सर्द हवा के आगे बेअसर ही रही। मेरठ फिर सबसे सर्द जिला रहा। यहां सोमवार को 3.6 डिग्री सेल्सियस तापमान था, तो मंगलवार को यह 3.8 रहा।

मुजफ्फरनगर का पारा 3.6 से उछलकर 5.2 डिग्री पर आ गया। अयोध्या और रायबरेली में भी एकाएक पारा करीब तीन डिग्री से लुढ़कते हुए पांच तक आ पहुंचा है। दूसरी कोहरे के चलते ट्रेनों और उड़ानों पर असर जारी रहा। कई ट्रेनें घंटों विलंब से चल रही हैं। कई उड़ानें भी निरस्त करनी पड़ी हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि दो दिन ठंड से मामूली राहत के बाद गलन फिर बढ़ सकती है। 22 जनवरी तक शीतलहर प्रचंड रूप में चलती रहेगी। मौसम विज्ञानी मोहम्मद दानिश ने बताया कि अभी ठंड ऐसे ही बनी रहेगी। पारे में मामूली उतार-चढ़ाव होते रहेंगे।

बुधवार से शुक्रवार तक सर्दी से हल्की राहत मिलने के आसार हैं। धूप खिलने से अधिकतम और न्यूनतम पारा में वृद्धि दर्ज की जाएगी। हालांकि, शनिवार से फिर शीतलहर के चलते तापमान गिरेगा। 36 जिलों में अगले दो दिन कोहरा छाया रहेगा। मेरठ और आसपास के जिलों में घना कोहरा रहा।

सूरज के नहीं हुए दर्शन

सोमवार रात ग्यारह बजे से आया कोहरा सुबह करीब दस बजे तक रहा। सहारनपुर व मुजफ्फरनगर में बारह बजे के करीब सूर्यदेव के दर्शन हुए। हालांकि मेरठ और बाकी अन्य जिलों में तीन बजे के करीब सूरज दिखाई दिया, लेकिन बादलों की लुकाछिपी में धूप बेअसर रही। शाम पांच बजे के बाद फिर से गलन शुरू हो गई।

सोमवार की तुलना में कानपुर भी अधिक ठंडा रहा। यहां का न्यूनतम पारा एक डिग्री गिरावट के साथ छह डिग्री दर्ज किया गया। पूरे दिन शीत लहर चलती रही। सुबह सूरज भी नहीं निकला। इससे हल्के कोहरे के बावजूद सर्दी अधिक बनी रही। आगरा में गलन अधिक रही। सुबह घना कोहरा शहर में देखने को मिला।

---------------------------------------------------------------------------------------------------