यूपी में वोटर लिस्ट की दोहरी एंट्री पर CEO सख्त, लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर होगी कार्रवाई
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची में एक ही व्यक्ति का नाम एक से अधिक बार दर्ज होने के मामलों पर राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के काम में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मामले में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

दोहरी प्रविष्टियों को हटाने के लिए अधिकारियों को निर्देश
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने मतदाता सूची से दोहरी प्रविष्टियां हटाने और 24 अक्टूबर को होने वाले विशेष अभियान दिवस की तैयारियों की समीक्षा की। इसके लिए उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों और मतदाता पंजीकरण अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने निर्देश दिया कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए जरूरी कदम समय पर उठाए जाएं।
SIR के दौरान सामने आए मामलों पर विशेष नजर

बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान एक ही मतदाता की ओर से एक से अधिक आवेदन जमा कर नाम दर्ज कराने से पैदा हुई दोहरी प्रविष्टियों के मामलों को गंभीरता से लेने को कहा गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को ऐसे मामलों की पहचान कर उनका नियमानुसार निस्तारण करने के निर्देश दिए।
BLO के जरिए होगी पहचान, फॉर्म-7 से निस्तारण
नवदीप रिणवा ने निर्देश दिया कि बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) के माध्यम से दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं को चिह्नित किया जाए। इसके बाद नियमानुसार फॉर्म-7 भरवाकर ऐसे मामलों का जल्द निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। निर्वाचन अधिकारियों को इस प्रक्रिया में तेजी लाने और मतदाता सूची की शुद्धता बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be

