विजयादशमी पर योगी, अखिलेश और मायावती का संदेश, सत्य-सदाचार और समतामूलक समाज पर दिया जोर
लखनऊ: विजयादशमी के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने प्रदेशवासियों समेत देश के लोगों को शुभकामनाएं दीं। तीनों नेताओं ने अपने संदेशों के जरिए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। साथ ही सत्य, सदाचार, लोककल्याण और समतामूलक समाज के मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया।

सीएम योगी ने श्रीराम के आदर्शों को अपनाने की अपील की
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए इस पर्व को भगवान श्रीराम के आदर्शों और जीवन-मूल्यों का स्मरण कराने वाला बताया। उन्होंने प्रदेशवासियों और श्रद्धालुओं को बधाई देते हुए कहा, ”यतो धर्मस्ततो जयः।”
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विजयादशमी का पर्व अहंकार और नकारात्मकता का त्याग कर सत्य, सदाचार तथा लोकमंगल के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने प्रभु श्रीराम से सभी के जीवन में सुख, शांति और मंगल की कामना भी की।
अखिलेश यादव ने समतामूलक रामराज्य का दिया संदेश

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी विजयादशमी पर अपनी शुभकामनाएं साझा कीं। उन्होंने भगवान राम के समतामूलक और लोककल्याणकारी स्वरूप पर जोर देते हुए अपने संदेश में लिखा, ”प्रभु ‘राम’ वही जो सबमें रमायें, दान-चोर के दानव मार गिरायें, ‘दंभी’ की नाभि पर तीर चलायें, ‘समतापूर्ण रामराज्य’ जो लायें।”
अखिलेश यादव के संदेश में समानता, लोककल्याण और अहंकार के विरुद्ध खड़े होने का भाव प्रमुख रहा।
मायावती ने देशवासियों के लिए की सुख-शांति की कामना
बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने भी उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश के लोगों को दशहरे की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, ”उत्तर प्रदेश सहित सभी देशवासियों को दशहरा पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। सभी लोगों का जीवन सुख-शांति के साथ खुशहाल हो, यही आज के दिन कुदरत से कामना।”
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be

