यूपी में 18.84 लाख नए वोटर जुड़े, चुनाव आयोग ने जारी की ड्राफ्ट लिस्ट; 16 दिसंबर तक मिलेगा नाम जुड़वाने का मौका
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत चुनाव आयोग ने मंगलवार, 17 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी। नई सूची में प्रदेश के कुल 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 मतदाताओं के नाम दर्ज हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक, पिछली अंतिम मतदाता सूची की तुलना में इस बार 18 लाख 84 हजार से अधिक मतदाताओं की संख्या बढ़ी है। आयोग ने पात्र नागरिकों को सूची में अपना नाम जुड़वाने, दर्ज विवरण में सुधार कराने और अपात्र नामों पर आपत्ति दर्ज करने के लिए 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक का समय दिया है।भारत निर्वाचन आयोग ने 15 अक्टूबर 2026 को जारी निर्देशों के तहत 1 जनवरी 2027 को अर्हता तिथि मानकर यह पुनरीक्षण कराया है। ड्राफ्ट सूची में 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510 पुरुष और 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353 महिला मतदाता शामिल हैं। वहीं, तृतीय लिंग के मतदाताओं की संख्या 4,042 दर्ज की गई है।
18-19 साल के मतदाताओं की संख्या में 5.80 लाख की गिरावट
नई ड्राफ्ट सूची में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 11 लाख 83 हजार 352 मतदाता दर्ज किए गए हैं। जबकि 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित पिछली अंतिम मतदाता सूची में इस आयु वर्ग के 17 लाख 63 हजार 360 मतदाता थे। इस तरह युवा मतदाताओं की संख्या में 5 लाख 80 हजार 8 की कमी दर्ज हुई है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणावा ने इसकी वजह बताते हुए कहा कि पहले इस आयु वर्ग में शामिल 19 साल के कई मतदाता अब 20 वर्ष के हो चुके हैं। ऐसे में उनकी गिनती 18 से 19 साल के मतदाताओं में नहीं होगी। उन्होंने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान नए युवा मतदाताओं के नाम जुड़ने के बाद यह संख्या बढ़ सकती है।
16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का मौका
ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के साथ ही दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह प्रक्रिया 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक चलेगी। इस अवधि में पात्र नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने, नाम या अन्य विवरण में संशोधन कराने और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम हटाने के लिए आवेदन कर सकेंगे।
निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।
किस काम के लिए कौन सा फॉर्म भरना होगा?
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने या विवरण में बदलाव कराने के लिए निर्वाचन आयोग ने अलग-अलग फॉर्म निर्धारित किए हैं।
- फॉर्म-6: मतदाता सूची में नया नाम शामिल कराने के लिए।
- फॉर्म-7: मतदाता सूची से नाम हटवाने या किसी नाम को शामिल किए जाने के खिलाफ आपत्ति दर्ज कराने के लिए।
- फॉर्म-8: पता बदलवाने, व्यक्तिगत विवरण में सुधार, ईपीआईसी कार्ड बदलवाने और दिव्यांग मतदाता के रूप में चिह्नांकन के लिए।
- फॉर्म-6A: विदेश में रहने वाले भारतीय नागरिकों के मतदाता पंजीकरण के लिए।
नवंबर में चार दिन बूथों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ
पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने की सुविधा देने के लिए प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत 21 और 22 नवंबर के अलावा 28 और 29 नवंबर को बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे।

इन विशेष अभियान दिवसों में नागरिक मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं के समाधान, नाम दर्ज कराने और अन्य दावों के लिए बीएलओ से संपर्क कर सकेंगे। मतदान केंद्रों पर आवेदन फॉर्म भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
ऑनलाइन भी देख सकते हैं ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में अपना नाम
मतदाता अपने मतदान केंद्र पर उपलब्ध सूची, बूथ लेवल अधिकारी या ऑनलाइन माध्यम से ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना नाम जांच सकते हैं। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग के मतदाता सेवा पोर्टल और उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट पर सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा ईसीआईनेट मोबाइल ऐप के जरिए भी नाम की जानकारी हासिल की जा सकती है।
यदि किसी पात्र नागरिक का नाम ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं है तो वह फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकता है। इसके साथ पासपोर्ट आकार की तस्वीर और जन्मतिथि तथा सामान्य निवास के प्रमाण से संबंधित दस्तावेज देने होंगे। निर्वाचन आयोग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने साथ परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम भी मतदाता सूची में जरूर जांच लें, ताकि किसी का नाम अंतिम सूची में शामिल होने से न छूटे।
पिछली सूची के मुकाबले बढ़ा जेंडर रेशियो और ईपी रेशियो
10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में उत्तर प्रदेश में कुल 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 मतदाता थे। इनमें 7 करोड़ 30 लाख 71 हजार 61 पुरुष, 6 करोड़ 9 लाख 9 हजार 525 महिला और 4,206 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल थे।
नई ड्राफ्ट सूची में मतदाताओं की कुल संख्या बढ़कर 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 हो गई है। इस तरह पिछली सूची के मुकाबले 18 लाख 84 हजार 113 मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, जेंडर रेशियो भी 834 से बढ़कर 840 हो गया है। इसी तरह ईपी रेशियो में भी वृद्धि दर्ज की गई है। यह पिछली सूची के 55.17 के मुकाबले बढ़कर 55.95 हो गया है।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
