देश

अमित शाह के हाथ में दिखी 300 मीटर तक मार करने वाली स्वदेशी कार्बाइन, UP STF को मिली पहली खेप; जानिए इसकी खासियत

नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की पुणे यात्रा के दौरान एक अत्याधुनिक स्वदेशी हथियार चर्चा में आ गया। भारत फोर्ज के औद्योगिक परिसर में शाह इस आधुनिक कार्बाइन को हाथ में लेकर उसकी तकनीक और खूबियों का जायजा लेते नजर आए। यह 5.56 x 45 एमएम की क्लोज क्वार्टर बैटल (CQB) कार्बाइन है, जिसे खास तौर पर नजदीकी मुकाबले और विशेष अभियानों के लिए तैयार किया गया है। इसी दौरे के दौरान गृह मंत्री ने उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) के लिए तैयार इन हथियारों की पहली खेप को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

अमित शाह ने 15 नवंबर को पुणे स्थित भारत फोर्ज के औद्योगिक प्लांट का दौरा किया था। इस स्वदेशी हथियार का निर्माण भारत फोर्ज की पूर्ण स्वामित्व वाली रक्षा सहायक कंपनी कल्याणी स्ट्रैटेजिक सिस्टम्स लिमिटेड (KSSL) ने किया है। इसे रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी तकनीक और घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

तंग गलियों और इमारतों में मुकाबले के लिए तैयार की गई कार्बाइन

CQB कार्बाइन का इस्तेमाल उन अभियानों में किया जाता है, जहां सुरक्षाबलों को सीमित जगहों में बेहद कम दूरी पर मुकाबला करना पड़ता है। तंग गलियां, इमारतों के अंदरूनी हिस्से और घनी आबादी वाले इलाके ऐसे ऑपरेशंस के प्रमुख उदाहरण हैं।

सामान्य असॉल्ट राइफलों के मुकाबले इसकी नली छोटी रखी गई है। इससे जवानों को संकरी जगहों में हथियार संभालने और तेजी से दिशा बदलने में सुविधा मिलती है। इसका वजन करीब 3.3 किलोग्राम है। फोल्डेबल बट और एर्गोनोमिक डिजाइन इसे इस्तेमाल और परिवहन के लिहाज से सुविधाजनक बनाते हैं।

एक मिनट में 600 से अधिक राउंड फायर करने की क्षमता

यह कार्बाइन 5.56 x 45 एमएम कैलिबर के कारतूस इस्तेमाल करती है और इसमें 30 राउंड की मैगजीन लगती है। यह सिंगल और ऑटोमैटिक दोनों फायरिंग मोड में काम कर सकती है। इसकी फायरिंग क्षमता एक मिनट में 600 से अधिक राउंड बताई गई है।

हथियार की प्रभावी मारक क्षमता 200 से 300 मीटर तक है। इसके ऊपरी हिस्से में दी गई रेल पर नाइट विजन डिवाइस और टेलीस्कोपिक साइट जैसे आधुनिक उपकरण लगाए जा सकते हैं। इन खूबियों के चलते इसे विशेष सुरक्षा अभियानों के लिए तैयार किया गया है।

UP STF को मिलेगी स्वदेशी हथियारों की नई खेप

उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स को इस आधुनिक कार्बाइन की पहली खेप मिलने से उसके विशेष अभियानों के लिए स्वदेशी हथियारों का विकल्प बढ़ेगा। संगठित अपराध और आतंकवाद विरोधी अभियानों में तैनात विशेष बलों के लिए आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता महत्वपूर्ण मानी जाती है।

यह परियोजना केंद्र सरकार के आत्मनिर्भर भारत और सशक्त भारत, सुरक्षित भारत के लक्ष्य के अनुरूप रक्षा विनिर्माण में घरेलू क्षमता बढ़ाने की पहल का हिस्सा है।

भारत फोर्ज के 60 साल पूरे होने पर स्मारक पट्टिका का अनावरण

पुणे दौरे के दौरान भारत फोर्ज के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक बाबा कल्याणी ने अमित शाह का स्वागत किया। इस अवसर पर गृह मंत्री ने कंपनी की स्थापना के 60 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में स्मारक पट्टिका का अनावरण किया।

उन्होंने कंपनी की फोर्जिंग लाइनों का निरीक्षण करने के साथ कल्याणी स्ट्रैटेजिक सिस्टम्स लिमिटेड की ओर से विकसित अन्य स्वदेशी रक्षा उपकरणों की जानकारी भी ली। इनमें आर्टिलरी गन, गोला-बारूद प्रणालियां और हवा, जमीन तथा पानी में काम करने वाले मानव रहित सिस्टम शामिल हैं। इस दौरान रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी तकनीक के विकास और विनिर्माण क्षमता को लेकर कंपनी के कामकाज का जायजा लिया गया।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be