बिजनेस

शादी के सीजन में अर्थव्यवस्था को लगेगा बड़ा बूस्ट! 25 दिन में 52 लाख शादियां, 7.5 लाख करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान

 

नई दिल्ली: देश में 21 नवंबर से शादी के सीजन की शुरुआत हो रही है। यह सीजन न सिर्फ सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिहाज से खास होगा, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी बड़ी मजबूती देने वाला है। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) की रिपोर्ट के मुताबिक, 21 नवंबर से 15 दिसंबर के बीच देशभर में करीब 52 लाख शादियां होने का अनुमान है। इन आयोजनों से लगभग 7.5 लाख करोड़ रुपये का कारोबार हो सकता है। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में करीब 1.25 करोड़ अस्थायी और मौसमी रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है।

कैट की शोध शाखा कैट रिसर्च एंड ट्रेड डेवलपमेंट सोसाइटी ने 25 राज्यों के 300 से अधिक व्यापारिक नेताओं और 550 से ज्यादा व्यापारिक संगठनों से बातचीत के आधार पर यह रिपोर्ट तैयार की है। रिपोर्ट के अनुसार, शादी के सीजन में होने वाले कुल कारोबार में वस्तुओं और खुदरा खरीदारी की हिस्सेदारी करीब 54 प्रतिशत यानी 4.05 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। वहीं, सेवा क्षेत्र से 3.45 लाख करोड़ रुपये का कारोबार होने की संभावना है, जो कुल कारोबार का 46 प्रतिशत होगा।

इन कारोबारों को मिलेगा सबसे ज्यादा फायदा

शादी के सीजन में सबसे अधिक खर्च आभूषण और कीमती धातुओं की खरीदारी पर होने की उम्मीद है। इस क्षेत्र में करीब 1.2 लाख करोड़ रुपये का कारोबार अनुमानित है। इसके बाद परिधान, साड़ियों और कपड़ों पर लगभग 90 हजार करोड़ रुपये खर्च हो सकते हैं।

सेवा क्षेत्र में कैटरिंग और खाद्य सेवाओं से करीब 75 हजार करोड़ रुपये का कारोबार होने की संभावना है। वहीं, मैरिज गार्डन, बैंक्वेट हॉल और होटलों के कारोबार का आंकड़ा 60 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। दिल्ली-एनसीआर भी इस सीजन में बड़े कारोबारी केंद्र के रूप में उभर सकता है। यहां करीब पांच लाख शादियों से 2.5 लाख करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान लगाया गया है।

1.25 करोड़ लोगों के लिए खुलेंगे रोजगार के अवसर

शादी के आयोजनों का असर केवल खरीदारी तक सीमित नहीं रहेगा। खुदरा व्यापार, विनिर्माण, होटल और आतिथ्य, परिवहन, खाद्य प्रसंस्करण और इवेंट मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में भी गतिविधियां तेज होंगी। सजावट करने वालों, कैटरर्स, फोटोग्राफरों, वाहन संचालकों और होटल कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में लोगों को काम मिलेगा।

रिपोर्ट में करीब 1.25 करोड़ अस्थायी और पार्ट टाइम रोजगार के अवसर पैदा होने का अनुमान है। इसके अलावा डिजिटल निमंत्रण, ऑनलाइन भुगतान और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित वेडिंग प्लानिंग का चलन भी तेजी से बढ़ रहा है। इससे कारोबार के नए रास्ते खुल रहे हैं।

स्थानीय कारोबार और स्वदेशी उत्पादों को भी मिलेगा बढ़ावा

कैट के महासचिव प्रवीण खंडेलवाल के मुताबिक, शादी का सीजन अब केवल सामाजिक और सांस्कृतिक उत्सव नहीं रह गया है, बल्कि यह देश की अर्थव्यवस्था को गति देने वाला एक बड़ा आर्थिक माध्यम बन चुका है। इससे करोड़ों उपभोक्ताओं के साथ व्यापारी, निर्माता, छोटे उद्योग, कारीगर और सेवा प्रदाता जुड़ते हैं।

उन्होंने कहा कि 52 लाख शादियों से अनुमानित कारोबार देश के घरेलू बाजार और उपभोक्ता मांग की मजबूती को दर्शाता है। यदि परिवार शादी की खरीदारी में स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देते हैं, तो इससे स्थानीय निर्माताओं, व्यापारियों और कारीगरों को बड़ा लाभ मिल सकता है।

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be