Top Newsदेशराजनीति

‘शुद्धिकरण यज्ञ’ पर राहुल गांधी की टिप्पणी पड़ी भारी, हल्द्वानी में दर्ज हुई FIR, दलित भावनाएं आहत करने का आरोप

नैनीताल: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड के हल्द्वानी कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई है। अनुसूचित जाति के युवक अमित कुमार की शिकायत पर दर्ज मामले में राहुल गांधी पर अनुसूचित वर्ग की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया गया है। मामला हल्द्वानी में कांग्रेस की रैली के बाद हुए ‘शुद्धिकरण यज्ञ’ और राहुल गांधी की उस पर की गई टिप्पणी से जुड़ा है।

राहुल गांधी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 196 और 299 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके साथ ही अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम, 1989 की धारा 3(1) भी प्राथमिकी में शामिल की गई है।

8 अगस्त की रैली के बाद हुआ था ‘शुद्धिकरण यज्ञ’

दरअसल, 8 अगस्त को हल्द्वानी में कांग्रेस की रैली आयोजित की गई थी। रैली के बाद एक हिंदूवादी संगठन की ओर से रामलीला मैदान में ‘शुद्धिकरण यज्ञ’ कराया गया था। आयोजकों का कहना था कि मैदान में फैली गंदगी और वहां कथित तौर पर लगाए गए सांप्रदायिक नारों के विरोध में यह यज्ञ किया गया।

वहीं कांग्रेस ने इस आयोजन का विरोध किया था। पार्टी की ओर से ‘शुद्धिकरण यज्ञ’ को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की दलित पहचान से जोड़कर सवाल उठाए गए थे। इसके बाद मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई थी।

राहुल गांधी ने यज्ञ को बताया था दलित विरोधी

-------------------------------------------------------------------------------------------

विवाद के बीच राहुल गांधी ने भी ‘शुद्धिकरण यज्ञ’ को दलित विरोधी बताते हुए इस पर सवाल उठाए थे। अब उनकी इसी टिप्पणी को आधार बनाकर हल्द्वानी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई गई है।

शिकायतकर्ता अमित कुमार का आरोप है कि राहुल गांधी की टिप्पणी से अनुसूचित वर्ग की भावनाएं आहत हुई हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों और राहुल गांधी की कथित टिप्पणी से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। प्राथमिकी में शामिल धाराओं के तहत मामले के विभिन्न पहलुओं की पड़ताल की जाएगी। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------