Saturday, September 5, 2026
Latest:
देश

हाथी की छाप ने खोला 10वीं सदी का राज! मजदूरों को जमीन के नीचे मिले 14 दुर्लभ सोने के सिक्के, कीमत 8 लाख से ज्यादा

बेलगाम: कर्नाटक के बेलगावी जिले के सवादत्ती तालुका स्थित इंचाल गांव में निर्माण कार्य के दौरान मजदूरों को जमीन के अंदर से 14 दुर्लभ सोने के सिक्के मिले हैं। लाखों रुपये की कीमत और संभावित ऐतिहासिक महत्व वाले इन सिक्कों को मजदूरों ने अपने पास रखने के बजाय तुरंत स्थानीय प्रशासन को इसकी जानकारी दी और सभी सिक्के अधिकारियों को सौंप दिए।

54.8 ग्राम वजन, करीब 8.27 लाख रुपये कीमत

बरामद किए गए 14 सोने के सिक्कों का कुल वजन 54.8 ग्राम बताया गया है। मौजूदा बाजार दर के आधार पर इनकी अनुमानित कीमत करीब 8.27 लाख रुपये आंकी गई है। हालांकि इनकी ऐतिहासिक कीमत और वास्तविक महत्व का निर्धारण विशेषज्ञों की जांच के बाद ही किया जा सकेगा।

पंचायत अधिकारियों की मौजूदगी में तहसीलदार को सौंपे सिक्के

सिक्के मिलने के बाद पंचायत विकास अधिकारी और तालुका पंचायत के कर्मचारियों की मौजूदगी में मजदूरों ने इन्हें सवादत्ती के तहसीलदार मल्लिकार्जुन हेगन्नवर को सौंप दिया। तहसीलदार ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी सिक्कों को सुरक्षित सरकारी कोषागार में जमा करा दिया है।

सिक्कों पर साफ दिखाई दे रही हाथी की आकृति

शुरुआती जांच में सिक्कों की बनावट और उन पर बनी आकृतियों ने इतिहासकारों और स्थानीय लोगों का ध्यान आकर्षित किया है। इन सिक्कों पर हाथी की तस्वीर स्पष्ट रूप से उकेरी गई है। यही निशान इन सिक्कों के संभावित ऐतिहासिक काल और राजवंश को लेकर जांच का अहम आधार बन गया है।

गंगा राजवंश के राजचिह्न से जुड़ रहा कनेक्शन

-------------------------------------------------------------------------------------------

ऐतिहासिक तथ्यों के अनुसार तलकाड़ के गंगा राजवंश का राजचिह्न भी हाथी था। इसी आधार पर शुरुआती तौर पर यह अनुमान लगाया जा रहा है कि बरामद सिक्के 10वीं से 15वीं शताब्दी ईस्वी के बीच के हो सकते हैं। हालांकि सिक्कों की सही तारीख, संबंधित राजवंश और उनकी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि की पुष्टि अभी बाकी है।

पुरातत्व विभाग करेगा वैज्ञानिक जांच

सिक्कों की वास्तविक उम्र और ऐतिहासिक पहचान निर्धारित करने के लिए पुरातत्व विभाग की ओर से आगे वैज्ञानिक जांच की जाएगी। विशेषज्ञों की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि ये सिक्के किस काल और किस राजवंश से संबंधित हैं।

ईमानदारी के लिए मजदूरों की हो रही तारीफ

सवादत्ती तालुका प्रशासन और स्थानीय पुलिस ने सिक्के मिलने के बाद मजदूरों की सराहना की है। लाखों रुपये मूल्य के इन प्राचीन सोने के सिक्कों को अपने पास रखने के बजाय मजदूरों ने उन्हें सरकारी संपत्ति मानते हुए अधिकारियों को सौंप दिया। इंचाल गांव में हुई इस दुर्लभ खोज के बाद इलाके में चर्चा तेज है और पुरातत्व में रुचि रखने वाले लोगों की दिलचस्पी भी बढ़ गई है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------