उत्तर प्रदेशराजनीति

1.27 करोड़ हिंदू वोट कटने के दावे पर अखिलेश का योगी से सवाल, बोले- चुनावी फायदे के लिए फैला रहे डर

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से गायब होने वाले बयान पर सवाल उठाए हैं। शुक्रवार को प्रेसवार्ता में अखिलेश ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री चुनावी लाभ लेने और समाज में डर का माहौल बनाने के लिए इस तरह के आंकड़े पेश कर रहे हैं। उन्होंने पूछा कि आखिर मुख्यमंत्री के पास यह आंकड़ा आया कहां से? क्या चुनाव आयोग उन्हें गोपनीय तरीके से मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी दे रहा है?

अखिलेश यादव ने कहा कि अब शायद चुनाव आयोग की ओर से चेतावनी मिलने के बाद मुख्यमंत्री मतदाताओं की संख्या कम होने की बात नहीं कर रहे हैं। उन्होंने सरकार और चुनाव आयोग के बीच कथित सांठगांठ का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को जो जानकारी मिल रही है, वह विपक्ष के साथ साझा नहीं की जा रही।

अखिलेश ने कार्यकर्ताओं से की वोट बचाने की अपील

सपा प्रमुख ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपने वोट सुरक्षित रखने के लिए सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने भाजपा का नाम लिए बिना कहा कि वोट कटवाने की बहुत कोशिशें हुईं, लेकिन उनकी पार्टी के लोग अपने मताधिकार को बचाए रखने में सफल रहे।

अखिलेश ने आरोप लगाया कि आगामी चुनाव को देखते हुए शिफ्टिंग वोट बनवाने और दूसरे राज्यों से लोगों को लाकर उनके नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने यह आशंका भी जताई कि मतदान केंद्र के अंदर और बाहर अलग-अलग मतदाता सूचियां रखी जा सकती हैं, ताकि कुछ मतदाताओं को वोट डालने से रोका जा सके।

विधानसभा चुनाव के लिए तैयार है इंडिया गठबंधन

अखिलेश यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए तैयार है। सामाजिक परिवर्तन मोर्चा को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राजनीति में सैलानी आते रहते हैं। हालांकि, उनकी इच्छा है कि ऐसे लोग यहां स्थायी रूप से रहें।

सपा ने 25 लाख डुप्लीकेट मतदाता खोजने का किया दावा

प्रेसवार्ता में अखिलेश यादव ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी ने 25 लाख डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान की है। उन्होंने कहा कि पार्टी यह सूची चुनाव आयोग को सौंपेगी और आयोग से इसके लिए इनाम देने की मांग भी की।

अखिलेश ने उम्मीद जताई कि चुनाव आयोग मुख्य सचिव, अपर मुख्य सचिव गृह और पुलिस महानिदेशक को हटाने की कार्रवाई करेगा। उन्होंने वाराणसी के मिल्क प्लांट को लेकर भी बयान दिया। कहा कि प्रदेश में सरकार बनने पर इसे काऊ मिल्क प्लांट बनाया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने गुजरात और उत्तर प्रदेश में हिरासत के दौरान मौत के मामलों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा और इसे संविधान विरोधी बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री पर बुलडोजर को ब्रांड बनाने का आरोप भी लगाया।

योगी ने जताई थी 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम गायब होने पर चिंता

दरअसल, लखनऊ में भाजपा कार्यसमिति की बैठक के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए व्यापक अभियान चलाने की जरूरत बताई थी। उन्होंने कहा था कि एसआईआर से पहले की मतदाता सूची के विश्लेषण में बड़ी संख्या में ऐसे मतदाता सामने आए हैं, जिनके नाम विधानसभा की मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं।

मुख्यमंत्री ने दावा किया था कि मतदाता सूची से 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम गायब होना चिंताजनक है। उन्होंने यह भी कहा था कि इसके चलते 28 नगरीय और 66 अन्य सीटों पर खतरे की स्थिति बन सकती है। योगी ने कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने की नसीहत देते हुए कहा था, ‘सावधानी हटी, दुर्घटना घटी।’

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be