13वां श्रीराम मूर्ति मेमोरियल एवं फर्स्ट यूपी स्टेट रैंकिंग टेबल टेनिस टूर्नामेंट 5 जून से

बरेली,03जून। 13वां श्रीराम मूर्ति मेमोरियल एवं फर्स्ट यूपी स्टेट रैंकिंग टेबल टेनिस टूर्नामेंट 5 जून से श्रीराम मूर्ति स्मारक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एवं टेक्नोलॉजी परिसर में आरंभ हो रहा है। उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस लखनऊ से संबद्ध एवं जिला टेबल टेनिस संघ बरेली द्वारा आयोजित यह तीन दिवसीय टूर्नामेंट इस बार 5 जून से 7 जून तक खेला जाएगा। स्टेग ग्लोबल द्वारा प्रेरित (Powered) इस टूर्नामेंट में प्रदेश के 25 जिलों के करीब 525 खिलाड़ी शामिल हो रहे हैं। इसमें टेबल टेनिस के वरीयता प्राप्त खिलाड़ी भी शामिल हैं। यह जानकारी एसआरएमएस ट्रस्ट के सचिव आदित्य मूर्ति ने कही।
लखनऊ ट्रिब्यून से विशेष वार्ता में आदित्य मूर्ति ने बताया कि एसआरएमएस ट्रस्ट के प्रेरणा स्रोत स्वतंत्रता सेनानी, पूर्व मंत्री गांधीवादी नेता श्रीराम मूर्ति जी की स्मृति में ट्रस्ट की ओर से टेबल टेनिस टूर्नामेंट आरंभ किया गया था। उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस लखनऊ और जिला टेबल टेनिस संघ बरेली से संबद्ध होने के बाद टूर्नामेंट का स्वरूप और भी बड़ा हो गया। इस बार टूर्नामेंट में खिलाड़ियों के पास 70 हजार रुपये की नकद धनराशि जीतने का मौका होगा। इसका उद्घाटन 5 जून को दोपहर 10.30 बजे एसआरएमएस ट्रस्ट के अध्यक्ष देव मूर्ति जी, सेक्रेटरी यूपीटीटीए अरुण कुमार बनर्जी, यूपीटीटीए के प्रेसिडेंट एवं चेयरमैन स्टैग ग्लोबल विवेक कोहली करेंगे। जबकि प्रतियोगिता का समापन 7 जून रविवार दोपहर एक बजे पुरस्कार वितरण के साथ किया जाएगा। टूर्नामेंट में मैच सुबह 8.30 बजे से आरंभ होकर देर शाम तक चलेंगे।
डिस्ट्रिक्ट टेबल टेनिस एसोसिएशन बरेली के सचिव डॉ. दीपेंद्र कमथान के अनुसार तीन दिवसीय प्रतियोगिता में 525 खिलाड़ी मेंस सिंगल्स, यूथ ब्वायज, जूनियर ब्वायज, सब जूनियर ब्वायज, कैडेट ब्वायज, होप्स ब्वायज, वुमन सिंगल्स, गर्ल्स अंडर-19 सिंगल्स, गर्ल्स अंडर-17 सिंगल्स, गर्ल्स अंडर-15 सिंगल्स, गर्ल्स अंडर-13 सिंगल्स, गर्ल्स अंडर-11 सिंगल्स जैसे 12 कैटेगरी में खेलेंगे। टूर्नामेंट में 10 टेबल पर 750 मुकाबले खेले जाएंगे। 10 टेबल पर होने वाले इस टूर्नामेंट को कवर करने के लिए अंतरराष्ट्रीय रेफरी अमित सिंह, डिप्टी रेफरी प्रमोद यादव, कम्पटीशन मैनेजर एनके लाहिरी के साथ 22 टेबल अंपायर भी बरेली पहुंच रहे हैं। राष्ट्रीय वरीयता प्राप्त दिव्यांश श्रीवास्तव, सार्थ मिश्रा, सुश्री अवनी त्रिपाठी भी टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहे हैं। कमथान ने कहा कि नेशनल चैंपियनशिप में यूपी की महिला टीम ने पहली बार कांस्य पदक जीतकर इतिहास बनाया। टूर्नामेंट के दौरान उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस संघ द्वारा मेडल धारक खिलाड़ियों के लिए एक अभिनंदन समारोह आयोजन किया गया है। इसमें बरेली टेबल टेनिस संघ प्रत्येक खिलाड़ी एवं टीम कोच को 5000 रुपये नकद पुरस्कार देकर से सम्मानित करेगा। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट


