Wednesday, June 3, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर उत्तर प्रदेश में 05 से 21 जून तक चलेगा जन जागरूकता अभियान

बरेली, 03 जून। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में आज केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उत्तर प्रदेश में 05 जून से 21 जून तक विकास, सेवा, सुशासन और जनकल्याण की उपलब्धियों को समर्पित व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम के सम्बन्ध में बैठक कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में सम्पन्न हुआ।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि 05 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। प्रत्येक विकास खंड एवं नगरीय निकाय में पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जागरूकता से संबंधित गोष्ठियों का आयोजन किया जाए। अभियान में जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, स्वयं सहायता समूहों, युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों, उद्यमियों तथा आमजन की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि इसे जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि पेड़ लगाए तो पानी देने की व्यवस्था भी करें। गौशालाओं में ट्रीगार्ड के साथ पेड़ लगाए जाएं तथा सभी सम्बंधित विभाग आवंटित लक्ष्य के अनुरूप पौधे लगवाएं। उन्होंने कहा कि 08 से 14 जून के बीच में तहसीलवार कार्यक्रम आयोजित होंगे और दलित/पिछड़ी बस्तियों व ग्रामों में जन सम्पर्क कर लोगों को योजनाओं का लाभ दिया जाए तथा उनकी समस्याएं सुनी जाएं।

उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने विभागीय उपलब्धियों का डाटा तैयार कर जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी को दे दें, जिससे जनपद की उपलब्धियों का डाटा तैयार किया जा सके। उन्होंने बताया कि 14 से 16 जून 2026 तक जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया जाएगा, जिसमें समस्त विभाग अपना स्टॉल लगाएंगे। यह कार्यक्रम विकास खण्ड स्तर पर होंगे। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा और लोगों को योजनाओं के फार्म भरवाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 16 से 17 जून तक विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में प्रबुद्धजनों/विषय विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न विधाओं में व्याख्यान दिए जाएंगे।

उन्होंने निर्देश दिए कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा, युवा सशक्तिकरण, किसान कल्याण, महिला सुरक्षा एवं सम्मान, गरीब कल्याण, रोजगार सृजन, निवेश, आधारभूत संरचना विकास, कानून-व्यवस्था, डिजिटल सेवाओं तथा सुशासन के क्षेत्र में हुए व्यापक परिवर्तनों, उपलब्धियों और श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों को जन-जन तक पहुंचाया जाए। विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों की सफलता की कहानियों और उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को भी प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाए।

बैठक में बताया गया कि 11 से 14 जून को मीडिया संवाद कार्यक्रम होंगे, मा0 प्रभारी मंत्री जी द्वारा जनपद स्तर पर मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद स्थापित किया जाएगा। 13 एवं 14 जून को सांसद एवं विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में मीडिया संवाद के माध्यम से डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों एवं विकास कार्यों की जानकारी साझा करेंगे।

बैठक में बताया गया कि 14 से 16 जून के बीच प्रदेश के सभी विकास खंडों एवं नगरीय निकायों में जनकल्याण मेलों का आयोजन किया जाए। इन मेलों में केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनियां लगाई जाएं तथा पात्र किन्तु वंचित लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष अभियान संचालित किया जाए। साथ ही आरोग्य मेले, पशु स्वास्थ्य मेले और अन्य जनहितकारी गतिविधियों का आयोजन भी किया जाए। उन्होंने कहा कि 16 एवं 17 जून को जिला स्तर पर विकसित भारत संकल्प सम्मेलन आयोजित किए जाएंगा। इनमें विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी अपने अनुभव साझा करेंगे तथा प्रबुद्ध वर्ग, युवा, महिलाएं और सामाजिक संगठनों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में निर्देश दिए गए कि युवाओं और विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने के लिए विभिन्न स्थानों पर ऑन द स्पॉट चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाए। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष गोष्ठियां आयोजित कर किसानों, कृषि विशेषज्ञों तथा किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को अभियान से जोड़ा जाए। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें सरकार की योजनाओं और विकास यात्रा से जोड़ने पर भी विशेष बल दिया जाए। 18 एवं 19 जून को केंद्र सरकार की 12 वर्षों की विकास यात्रा तथा विकसित भारत के संकल्प को प्रदर्शित करने के लिए विशेष प्रदर्शनियां आयोजित की जाएं। आकर्षक माध्यमों से उपलब्धियों का प्रभावी प्रदर्शन किया जाए।

उन्होंने कहा कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद स्तर पर व सभी विकास खंडों एवं नगरीय निकायों में योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उक्त अभियान अवधि में ग्रामीण क्षेत्रों में ‘‘रात्रि चौपाल‘‘ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें शासकीय योजनाओं की समीक्षा एवं जन शिकायतों का निस्तारण किया जाएगा। चौपाल में माननीय मंत्रीगण/जनप्रतिनिधिगण एवं प्रशासनिक अधिकारी चौपाल के उपरान्त चिन्हित ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रिकालीन विश्राम करेंगे, जिससे स्थानीय समस्याओं का जमीनी स्तर पर अध्ययन कर त्वरित सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संतोष कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक देश दीपक, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 विश्राम सिंह, संयुक्त मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी बहेड़ी ईशिता किशोर, जिला विकास अधिकारी, उप जिलाधिकारी नवाबगंज, आंवला, मीरगंज, फरीदपुर सहित समस्त सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------