लखनऊ में होली मिलन समारोह के साथ महिला सशक्तिकरण का संदेश, 15 महिलाओं को किया गया सम्मानित

लखनऊ के इंदिरा नगर स्थित रामायण पार्क में 14 मार्च 2026 को होली मिलन समारोह एवं महिला सम्मान 2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन हेल्प यू एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में लखनऊ मैनेजमेंट एसोसिएशन और सेक्टर-25 इंदिरा नगर रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के सहयोग से किया गया। समारोह “एक भारत, श्रेष्ठ भारत, सर्वप्रथम भारत” की भावना को समर्पित रहा और इसमें सामाजिक एकता तथा महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया गया।

गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी में हुआ आयोजन
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद और पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर लखनऊ की महापौर सुषमा खरकवाल, विधायक जय देवी कौशल, विधायक ओ.पी. श्रीवास्तव, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा और पवन कुमार सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व सांसद कौशल किशोर, भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, पार्षद भृगुनाथ शुक्ला तथा युवा समाजसेवी नीरज सिंह सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम में सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, सदस्य और क्षेत्र के नागरिक भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
राष्ट्रगान और दीप प्रज्वलन से हुई शुरुआत
समारोह का शुभारंभ राष्ट्रगान और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर हेल्प यू एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रबंध न्यासी हर्ष वर्धन अग्रवाल ने सभी अतिथियों और नागरिकों को होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि होली का पर्व प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है। समाज में सकारात्मक बदलाव और समावेशी विकास के लिए महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और यह कार्यक्रम उन्हीं महिलाओं के सम्मान का मंच है जिन्होंने अपने कार्यों से समाज को नई दिशा दी है।
महिला सशक्तिकरण पर वक्ताओं ने रखे विचार
ट्रस्ट की न्यासी डॉ. रूपल अग्रवाल ने कहा कि महिला सशक्तिकरण समाज में परिवर्तन की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। प्रतिभाशाली और समर्पित महिलाओं को सम्मानित करने से समाज में नई प्रेरणा और ऊर्जा का संचार होता है। वहीं सेक्टर-25 इंदिरा नगर रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. एस.के. श्रीवास्तव और कार्यकारी अध्यक्ष सुनीता जिंदल ने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक एकता, सांस्कृतिक सौहार्द और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करते हैं। लखनऊ मैनेजमेंट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने भी समाज में नेतृत्व, नवाचार और उत्कृष्टता को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।

समाज के विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाली 15 महिलाएं सम्मानित
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण “महिला सम्मान 2026” रहा। इस अवसर पर समाज, शिक्षा, चिकित्सा, प्रशासन, पत्रकारिता और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 15 महिलाओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में सरिता शर्मा, डॉ. तारु सक्सेना, प्रो. मंजुला उपाध्याय, निशा गुप्ता, प्रो. अपर्णा मिश्रा, प्रो. मंजू अग्रवाल, आकांक्षा अस्थाना, अनामिका यादव, इंदु भदौरिया, रचना गोविल, स्निग्धा रितेश, डॉ. शुभा शुक्ला, डॉ. अंजली गुप्ता, मेजर अंजना श्रीवास्तव और प्रो. वीना सिंह शामिल रहीं। सभी को स्मृति-चिन्ह और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में गणेश वंदना, भगवान नृसिंह और होलिका दहन की मंचीय प्रस्तुति, देशभक्ति पर आधारित नाट्य प्रस्तुति तथा विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा महिला सशक्तिकरण पर आधारित नाट्य प्रस्तुति, काव्य पाठ और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इन प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।
फूलों की होली के साथ दिया सौहार्द का संदेश
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अलका निवेदन और मनीषा पांडे ने किया। समापन के अवसर पर सभी अतिथियों और क्षेत्रवासियों ने फूलों की होली खेलकर प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश दिया। आयोजकों ने कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, स्वयंसेवकों और मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
