25 साल की जनसेवा पर PM मोदी को नमन, अहमदाबाद में निकली ‘सेवा ज्योति यात्रा’; ‘विकसित भारत’ की शपथ लेकर लिया राष्ट्रनिर्माण का संकल्प
अहमदाबाद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर बुधवार को गुजरात में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। ‘जनसेवा से राष्ट्रसेवा’ के संदेश के साथ ‘विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत अहमदाबाद के रिवरफ्रंट पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल शामिल हुए। यात्रा के जरिए प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण की यात्रा को याद किया गया। इस दौरान लोगों तक सेवा, समर्पण और राष्ट्रनिर्माण का संदेश पहुंचाया गया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने ‘विकसित भारत @ 2047’ के निर्माण का आह्वान किया। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल समेत कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। मुख्यमंत्री ने ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के माध्यम से नागरिकों से ‘विकसित भारत’ की यात्रा में सहभागी बनने का संदेश दिया।

सेवा ज्योति प्रज्वलित कर ली गई विकसित भारत की शपथ
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद कार्यक्रम में ‘सेवा ज्योति’ प्रज्वलित की गई। इसके बाद मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल समेत मौजूद महानुभावों और नागरिकों ने ‘विकसित भारत’ की शपथ ली। इसके बाद ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ शुरू हुई। यात्रा में नागरिकों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
यात्रा के समापन पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने टाउन हॉल के पास स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
-------------------------------------------------------------------------------------------
गुजरात के अलग-अलग जिलों और महानगरों में भी निकली यात्रा
अहमदाबाद के साथ-साथ गुजरात के विभिन्न जिलों और महानगरों में भी ‘सेवा ज्योति यात्रा’ आयोजित की गई। इनमें राज्य के मंत्रियों और अग्रणियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के मंत्री अजय कुमार पोद्दार, अहमदाबाद के महापौर हितेशभाई बारोट, स्थानीय सांसद हसमुखभाई पटेल और दिनेशभाई मकवाणा, शहर और जिले के सभी विधायक, शहर अध्यक्ष प्रेरक शाह, अपर मुख्य सचिव जयंती रवि, मनपा आयुक्त बंछानिधि पानी, मुख्यमंत्री के अपर प्रधान सचिव डॉ. विक्रांत पांडे और कलेक्टर भव्य वर्मा समेत कई अधिकारी और पदाधिकारी मौजूद रहे।
