‘आत्मविश्वास हो तो सबकुछ संभव…’,अमेरिका के साथ ट्रेड डील के बाद बोले पीएम मोदी

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि आत्मविश्वास वह शक्ति है, जो हर लक्ष्य को संभव बनाती है और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगी। प्रधानमंत्री ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यह विचार साझा किए। प्रधानमंत्री का यह संदेश ऐसे समय में आया है, जब कुछ ही घंटे पहले भारत और अमेरिका के बीच एक अहम व्यापार समझौते पर सहमति बनी है। इस समझौते के तहत अमेरिका भारतीय उत्पादों पर लगाए जाने वाले पारस्परिक टैरिफ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने पर राजी हुआ है।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर हिंदी में लिखा कि आत्मविश्वास वह शक्ति है, जिसकी बदौलत सब कुछ संभव हो पाता है। उन्होंने कहा कि नागरिकों में यही आत्मविश्वास विकसित भारत के सपने को साकार करने में बेहद उपयोगी साबित होगा। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश के साथ एक संस्कृत श्लोक भी साझा किया, जिसमें धन के सदुपयोग और राष्ट्र निर्माण में उसके योगदान की बात कही गई है। श्लोक का आशय है कि धन नेक कार्यों से अर्जित होता है, साहस और आत्मविश्वास से बढ़ता है, कौशल और दक्षता से स्थिर रहता है और अनुशासन के साथ सुरक्षित रहकर राष्ट्र की प्रगति में योगदान देता है।

इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील की जानकारी दी थी। ट्रम्प ने अपने पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी को अपना करीबी मित्र बताते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच यह समझौता आपसी दोस्ती और सम्मान के आधार पर किया गया है।
ट्रम्प ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के आग्रह पर भारत पर लगाए गए पारस्परिक शुल्क को घटाने का फैसला लिया गया है। ट्रम्प की पोस्ट के बाद देर रात तक भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई थी, हालांकि बाद में प्रधानमंत्री मोदी के पोस्ट से दोनों नेताओं के बीच बातचीत की पुष्टि हुई।


