विदेश

न्यूयॉर्क के चर्च में जोरदार विस्फोट, दमकलकर्मी समेत 5 लोग घायल, दो की हालत गंभीर

न्यूयॉर्क। अमेरिका के न्यूयॉर्क राज्य के उत्तरी ग्रामीण इलाके में मंगलवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एबंडेंट लाइफ फेलोशिप चर्च में भीषण विस्फोट हो गया। इस हादसे में दमकलकर्मी समेत पांच लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। विस्फोट इतना तेज था कि चर्च की इमारत आंशिक रूप से ढह गई और आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।

गैस की गंध के बाद हुआ धमाका
अधिकारियों के मुताबिक, धमाका सुबह करीब 10:30 बजे हुआ। चर्च परिसर में गैस की तेज गंध की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम जांच के लिए मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे इमारत को भारी नुकसान पहुंचा। हादसे में एक दमकलकर्मी गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि अन्य लोग भी मलबे की चपेट में आ गए।

राहत और बचाव कार्य में जुटी टीमें
यह घटना सिरैक्यूज से लगभग 80 किलोमीटर उत्तर-पूर्व क्षेत्र में हुई, जहां विस्फोट के बाद आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया। पुलिस और इमरजेंसी सर्विस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार, गंभीर रूप से घायल दो लोगों का विशेष चिकित्सा केंद्र में इलाज चल रहा है, जबकि तीन अन्य को मामूली चोटें आई हैं और वे खतरे से बाहर हैं।

साजिश के संकेत नहीं, जांच जारी
न्यूयॉर्क राज्य पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में किसी तरह की आपराधिक साजिश या जानबूझकर किए गए हमले के संकेत नहीं मिले हैं। प्राथमिक तौर पर इसे गैस रिसाव से जुड़ा हादसा माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि विस्फोट के सटीक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जा सकेगी।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------