उत्तर प्रदेश

यूपी चुनाव से पहले BJP ने कसी कमर, 7 सितंबर से मिशन 2027 का असली होमवर्क शुरू; लखनऊ में जुटेगा राष्ट्रीय नेतृत्व

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को प्रतिष्ठा का सवाल बना चुकी भाजपा अब संगठन को चुनावी मोड में लाने की तैयारी में जुट गई है। संगठनात्मक ढांचा तैयार करने के बाद पार्टी प्रदेश के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को चुनावी जिम्मेदारियां सौंपेगी। 7 सितंबर से मिशन 2027 की तैयारियों को गति मिलने जा रही है। इसी दिन यूपी के नए प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े लखनऊ पहुंचेंगे। इसके साथ ही राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का भी प्रदेश दौरा प्रस्तावित है।

राष्ट्रीय नेतृत्व प्रदेश और क्षेत्रीय टीमों के साथ बैठक कर जमीनी स्तर पर चुनावी माहौल और संगठन की स्थिति की जानकारी लेगा। पार्टी के विभिन्न मोर्चों के साथ भी अलग-अलग बैठकें होंगी। वहीं, सितंबर के अंत में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के यूपी दौरे की भी रूपरेखा तैयार की जा रही है।

2024 के लोकसभा चुनाव ने बढ़ाई भाजपा की चिंता

यूपी विधानसभा चुनाव अब ज्यादा दूर नहीं है। 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को प्रदेश में बड़ा झटका लगा था। चुनावी परिणामों के आधार पर देखें तो ढाई सौ से अधिक विधानसभा क्षेत्रों में समाजवादी पार्टी और उसके सहयोगी दलों ने बढ़त बनाई थी। यह स्थिति भाजपा के लिए आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बड़ी चुनौती मानी जा रही है।

लोकसभा चुनाव के बाद से ही भाजपा संगठन को मजबूत करने और जातीय समीकरणों को साधने में जुटी हुई है। हालांकि संगठन और जनप्रतिनिधियों के बीच मतभेद तथा कार्यकर्ताओं में थकान का असर पार्टी के कई अभियानों पर दिखाई दिया। जिलाध्यक्षों की नियुक्ति और जिला टीमों के गठन में भी काफी देरी हुई। कई क्षेत्रों में पदाधिकारियों को लेकर अंदरूनी खींचतान खुलकर सामने आई और कुछ पदाधिकारियों पर गंभीर आरोप भी लगाए गए।

प्रदेश टीम में बदलाव के बाद क्षेत्रीय संगठन पर फोकस

इस बीच भाजपा ने प्रदेश संगठन में बड़ा बदलाव किया। हालांकि नई टीम में कुछ ऐसे नाम भी शामिल हुए, जिन्हें संगठन में ज्यादा अनुभव नहीं रहा है। अब क्षेत्रीय टीमों की घोषणा भी कर दी गई है। ऐसे में प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े के आगामी दौरे को खास महत्व दिया जा रहा है।

तावड़े ने प्रदेश संगठन में बड़े बदलाव की रणनीति तैयार की है। माना जा रहा है कि इसका असर 2027 के विधानसभा चुनाव में टिकटों के बंटवारे पर भी दिखाई दे सकता है। तावड़े पिछले करीब एक साल से लगातार यूपी के अलग-अलग हिस्सों का दौरा कर संगठन की स्थिति और जमीनी समीकरणों को समझ रहे हैं।

-------------------------------------------------------------------------------------------

बीएल संतोष भी करेंगे संगठन से सीधा संवाद

राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष प्रदेशभर के संगठनात्मक ढांचे से जुड़े पदाधिकारियों के साथ संवाद करेंगे। इससे पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 4 और 5 जुलाई को लखनऊ पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने प्रदेश भाजपा की टीम के साथ बैठक करने के अलावा सहयोगी दलों के नेताओं से भी मुलाकात की थी।

नितिन नवीन ने पार्टी के बुजुर्ग और अनुभवी कार्यकर्ताओं से संवाद कर उन्हें साधने का संदेश दिया था। उन्होंने दोनों उपमुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के आवास पर पहुंचकर भी राजनीतिक संदेश दिया था। इसके अलावा उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी। अब नई तैयारियों के साथ उनका लखनऊ दौरा होने जा रहा है। इस दौरान उनके काशी और अयोध्या जाने की भी संभावना है।

अमित शाह के दौरे से पहले संगठन की तैयारियां तेज

इसी बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का यूपी दौरा भी प्रस्तावित है। उनके दौरे से पहले भाजपा संगठन अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। अमित शाह इससे पहले 23 जनवरी को लखनऊ पहुंचे थे। उस दौरान उन्होंने प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की थी।

अब 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत भाजपा का फोकस संगठन को सक्रिय करने, कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने, जातीय समीकरणों को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर चुनावी रणनीति को धार देने पर है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------