Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

गोरखपुर में तेज रफ्तार कार का कहर, डिवाइडर से टकराकर 20 फीट उछली और पलटी गाड़ी

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार कार भीषण हादसे का शिकार हो गई। नौकायन मार्ग पर अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकरा गई, जिसके बाद वाहन करीब 20 फीट ऊपर उछलकर डिवाइडर पर ही पलट गया। हादसा इतना भयावह था कि आसपास के लोग दहल उठे, हालांकि कार सवार दोनों युवक सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

हादसे के बाद मौके से फरार हुए कार सवार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बावजूद इसके चालक और उसके साथ बैठा युवक कार से बाहर निकलकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया।

वाहन नंबर के आधार पर शुरू हुई जांच

रामगढ़ताल थाना पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर जांच शुरू की है। पुलिस के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त कार सहजनवां थाना क्षेत्र के भीटीरावत निवासी रीता यादव के नाम पंजीकृत है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हादसे के वक्त कार मामखोर निवासी उत्सव शुक्ला चला रहा था, जबकि बगल की सीट पर रीता यादव का पुत्र आयुष यादव बैठा था।

अंधे मोड़ पर हुआ हादसा

पुलिस का कहना है कि कार नौकायन की ओर से तेज रफ्तार में आ रही थी। जैसे ही वाहन चंपा देवी पार्क के सामने पहुंचा, वहां मौजूद अंधे मोड़ के कारण चालक का नियंत्रण हट गया और कार सीधे डिवाइडर से टकराकर हवा में उछल गई।

पहले भी हो चुके हैं कई जानलेवा हादसे

स्थानीय लोगों के अनुसार इस अंधे मोड़ पर पहले भी कई गंभीर सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें लोगों की जान जा चुकी है। हर हादसे के बाद मोड़ को दुरुस्त करने की मांग उठती है, लेकिन कुछ समय बाद मामला ठंडे बस्ते में चला जाता है। एक बार फिर स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से इस खतरनाक मोड़ को सुरक्षित बनाने की मांग की है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------