Top Newsराजनीतिराज्य

राज्यसभा चुनाव: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भरा नामांकन, अमित शाह समेत एनडीए के कई दिग्गज रहे मौजूद

पटना। बिहार की राजनीति में एक अहम घटनाक्रम सामने आया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 5 मार्च को राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया। नामांकन के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस कदम को बिहार की राजनीति में बड़े बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

नीतीश कुमार वर्ष 2005 से बिहार के मुख्यमंत्री पद पर हैं और नवंबर 2025 में हुए विधानसभा चुनाव में जीत के बाद वह दसवीं बार मुख्यमंत्री बने थे। अब उनके राज्यसभा जाने के फैसले से प्रदेश की राजनीतिक दिशा को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है।

नीतीश कुमार ने नामांकन के साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से जनता के नाम एक भावुक संदेश भी साझा किया। उन्होंने कहा कि पिछले दो दशकों से अधिक समय से बिहार की जनता ने उन पर भरोसा और समर्थन बनाए रखा है और उसी विश्वास की ताकत से उन्होंने राज्य और जनता की पूरी निष्ठा के साथ सेवा की है।

उन्होंने अपने संदेश में कहा कि जनता के भरोसे और समर्थन के कारण ही आज बिहार विकास और सम्मान की एक नई पहचान बना रहा है। उन्होंने इसके लिए प्रदेश की जनता का आभार भी जताया।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि संसदीय जीवन की शुरुआत से ही उनकी एक इच्छा रही है कि वे बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों के साथ-साथ संसद के दोनों सदनों के भी सदस्य बनें। अब राज्यसभा चुनाव के जरिए वह अपनी इस पुरानी इच्छा को पूरा करने जा रहे हैं।

नीतीश कुमार ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य में बनने वाली नई सरकार और नए मुख्यमंत्री को उनका पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलता रहेगा। उन्होंने कहा कि बिहार के विकास और प्रगति के लिए उनका संकल्प आगे भी पहले की तरह कायम रहेगा।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------