उत्तर प्रदेशगोंडाराज्य

होली पर सख्ती: गोंडा में बस ऑपरेटर्स को कड़ी चेतावनी, हादसे पर मालिक-ड्राइवर पर सीधे होगी एफआईआर

गोंडा में होली के मद्देनजर परिवहन विभाग ने बस ऑपरेटर्स और ड्राइवरों के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी आरसी भारतीय ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों की अनदेखी करने पर सीधे आपराधिक कार्रवाई की जाएगी।

हर बस में अनिवार्य होगा फायर एक्सटिंगुइशर, सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी ड्राइवर की

अधिकारियों ने निर्देश दिया है कि सभी एसी और नॉन एसी बसों में 10-10 किलो के दो अग्निशमन यंत्र अनिवार्य रूप से लगाए जाएं, जिनमें एक आगे और एक पीछे रखा जाएगा। ड्राइवर की यह जिम्मेदारी होगी कि वह सभी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करे। यदि जनपद में पंजीकृत किसी भी एसी या नॉन एसी बस का दुर्घटना होती है, तो जिम्मेदारी तय करते हुए बस मालिक और ड्राइवर के खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज की जाएगी।

शराब पीकर वाहन चलाने पर मालिक और ड्राइवर दोनों पर कार्रवाई

परिवहन विभाग ने दो टूक कहा है कि कोई भी ड्राइवर शराब पीकर वाहन नहीं चलाएगा। यदि ऐसा पाया गया तो ड्राइवर के साथ-साथ बस मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई तय की जाएगी। लंबी दूरी तय करने वाली सभी एसी बसों में दो-दो ड्राइवर अनिवार्य रूप से तैनात रहेंगे। नींद की अवस्था में वाहन संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

ड्राइवर और कंडक्टर को कंट्रोल ड्राइविंग के सख्त निर्देश

सभी बस ऑपरेटर्स को निर्देशित किया गया है कि वे अपने ड्राइवरों और कंडक्टरों को पूरी जिम्मेदारी के साथ सचेत करें। वाहन नियंत्रित गति और सतर्कता के साथ चलाया जाए। एसी और नॉन एसी बसों सहित अन्य वाहनों के स्वामी यह सुनिश्चित करें कि चालक नियमों का पूरी तरह पालन करें।

अधिक किराया वसूलने पर लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन सस्पेंड होगा

त्योहार के दौरान यात्रियों से किसी भी प्रकार का अतिरिक्त किराया वसूलना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यदि किसी बस संचालक द्वारा अधिक किराया लेने या मांगने की शिकायत मिलती है, तो संबंधित ड्राइवर का ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन का पंजीकरण निलंबित कर दिया जाएगा।

होली पर चलने वाली बसों पर रहेगी मालिकों की सीधी निगरानी

होली के अवसर पर यात्रियों के आवागमन के लिए संचालित की जा रही सभी बसों के मालिकों को निर्देश दिया गया है कि वे हर समय अपने वाहनों की निगरानी रखें। साथ ही ड्राइवर और कंडक्टर को लगातार सावधान करते रहें ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना या अप्रिय घटना से बचा जा सके।

परिवहन विभाग ने सभी यात्रियों को सुरक्षित और सुखद यात्रा की शुभकामनाएं दी हैं।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------