Top Newsलाइफस्टाइल

3 बार मौत के मुंह से लौटी महिला! ‘स्वर्ग’ देखकर आने का दावा, बताया मरने के बाद क्या होता है

अमेरिका के मैरीलैंड की रहने वाली 80 वर्षीय नोर्मा एडवर्ड्स इन दिनों अपने चौंकाने वाले दावों को लेकर चर्चा में हैं। उनका कहना है कि वह एक या दो नहीं बल्कि तीन बार मौत के करीब पहुंचकर वापस लौट चुकी हैं। महिला का दावा है कि जब डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था, तब उन्होंने ऐसी दुनिया का अनुभव किया जिसे लोग आमतौर पर परलोक या स्वर्ग के रूप में कल्पना करते हैं।

नोर्मा एडवर्ड्स के अनुसार, उनके साथ पहली बार ऐसा अनुभव तब हुआ जब वह महज 20 वर्ष की थीं। उस समय मेडिकल जटिलताओं के कारण अचानक उनका दिल धड़कना बंद हो गया था। महिला का कहना है कि उस दौरान उन्हें ऐसा महसूस हुआ जैसे उनका शरीर ऑपरेशन टेबल पर पड़ा है और उनकी चेतना उससे अलग हो चुकी है। उन्होंने खुद को एक अंधेरी सुरंग में तेजी से आगे बढ़ते हुए देखा, लेकिन उस समय उन्हें किसी तरह का दर्द महसूस नहीं हो रहा था।

परलोक में दिखी तेज रोशनी और जीवन की झलक

महिला का कहना है कि सुरंग के अंत में उन्हें एक तेज और अलौकिक रोशनी दिखाई दी। वहां एक बड़ी सी स्क्रीन जैसी चीज नजर आई, जिस पर उनकी पूरी जिंदगी किसी फिल्म की तरह चल रही थी। इसी दौरान उन्हें अपनी दिवंगत आंटी भी दिखाई दीं। महिला का दावा है कि उन्होंने उन्हें छूने की कोशिश की, लेकिन आंटी ने यह कहकर रोक दिया कि अभी उनका समय नहीं आया है और उनका जीवन उद्देश्य अभी अधूरा है।

नोर्मा के मुताबिक, जब वह होश में लौटीं तो उन्हें ऐसा महसूस हुआ कि उनका शरीर बेहद छोटा है, जबकि आत्मा बहुत विशाल है। इस अनुभव ने उनके जीवन को पूरी तरह बदल दिया।

परलोक से लौटने के बाद बदल गईं क्षमताएं

महिला का दावा है कि इस अनुभव के बाद उनकी इंद्रियां पहले से कहीं अधिक तेज हो गईं। उनका कहना है कि वह लोगों के शरीर के भीतर मौजूद बीमारियों को महसूस कर सकती थीं। इतना ही नहीं, उनके शरीर में इतनी ऊर्जा महसूस होती थी कि जब भी वह किसी बिजली के बल्ब के पास जाती थीं तो वह अपने आप फूट जाता था।

दोबारा हार्ट अटैक के बाद फिर ‘परलोक’ का अनुभव

नोर्मा एडवर्ड्स ने बताया कि नवंबर 2024 में उन्हें दो बार हार्ट अटैक आया और उस दौरान डॉक्टरों ने उन्हें फिर से क्लिनिकली मृत घोषित कर दिया था। उनका दावा है कि इस बार उन्हें परलोक में एक महिला फरिश्ता दिखाई दी, जिसने उन्हें जीवन का महत्व समझाया और वापस पृथ्वी पर लौटने के लिए कहा।

महिला का कहना है कि इस अनुभव ने उन्हें यह एहसास कराया कि जीवन बेहद कीमती है और हर व्यक्ति को अपने समय का सही उपयोग करना चाहिए। उनके इन दावों ने लोगों के बीच जिज्ञासा और बहस दोनों को जन्म दे दिया है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------