अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर विभिन्न क्षेत्रों की महिला प्रतिनिधियों को सम्मान

बरेली,09 मार्च। माननीय कुलाधिपति एवं राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल जी द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कल विभिन्न क्षेत्रों की महिला प्रतिनिधियों को सम्मान समारोह में जन भवन ,लखनऊ में सम्मानित किया गया।इस कार्यक्रम में नौ विश्वविद्यालयों की महिला कुलपति, पुलिस, प्रशासन, शिक्षिकाएं, महिला उद्यमी, कृषि समूह , राजकीय संरक्षण समूह आदि सम्मिलित रहे। इसके अंतर्गत मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान योजना से लाभ प्राप्त कर स्टार्ट अप शुरू करने वाली उत्तर प्रदेश के विश्वविद्यालयो के क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली दो अग्रणी महिला उद्यमियों को भी सम्मानित किया गया। इसके अंतर्गत बरेली क्षेत्र से निशु शर्मा तथा हेमंती को कल जन भवन लखनऊ में प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनके स्टार्टअप पॉड कास्टिंग एवं आई टी सपोर्ट सर्विस तथा फिटनेस जिम स्कूल रहे। राजभवन से प्राप्त निर्देशों के अनुरूप विश्वविद्यालय द्वारा डॉ. ज्योति पाण्डेय, सांस्कृतिक समन्वयक को नोडल अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया और उनके साथ दोनों महिला उद्यमियों को जन भवन लखनऊ भेजा गया। कार्यक्रम में राज्यपाल महोदया ने सभी महिला कर्मियों के कार्यों की सराहना की और सोलर पावर, सोया उत्पाद, डेयरी , नर्सरी, तकनीकी आदि क्षेत्र में अधिक कार्य करने को प्रेरित किया। साथ ही साथ चुनौतियों को स्वीकारने और क्षमता विकसित कर विकसित भारत@2047 अभियान के क्षेत्र में अग्रणी कार्य करने को प्रोत्साहन भी दिया। बालिकाओं के स्वास्थ्य, पोषण का ध्यान रखने, सर्वाइकल कैंसर वैक्सीन निशुल्क उपलब्ध करवाने, बाल संरक्षण ग्रहों के लिए शैक्षिक कार्य करने, युवा पीढ़ी में संस्कारों देने और परिवार से जुड़ने पर ध्यान देने को भी कहा।
कुलपति प्रो. के.पी. सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना में लाभ प्राप्त करने के पश्चात स्टार्टअप प्रारंभ करने वाली बरेली की दो महिलाओं को राज्यपाल महोदया द्वारा सम्मानित किया गया है और अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर इस सम्मान को प्राप्त करना गौरव की बात है। विश्वविद्यालय द्वारा इस कार्य में राज भवन के निर्देशानुसार सहयोग किया गया। महिला उद्यमियों को कुलपति प्रो. के.पी. सिंह, कुलसचिव श्री हरीश चंद,नोडल अधिकारी डॉ. ज्योति पाण्डेय, प्रो. ए.के. सिंह, डॉ.यतेंद्र,रॉबिन ,सुधाकर , सुधांशु शर्मा तथा विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा बधाई व शुभकामनाएं दी गई।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट


