Top Newsउत्तर प्रदेशगोंडाराज्य

देवीपाटन मंडल में शिक्षा को नई दिशा: मीना शाह पब्लिक स्कूल का भव्य उद्घाटन, शहर के गणमान्य लोग रहे मौजूद

देवीपाटन मंडल की अग्रणी शैक्षिक संस्था मीना शाह ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के नए संस्थान ‘मीना शाह पब्लिक स्कूल’ का बुधवार को भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर शिक्षा जगत और शहर के कई गणमान्य लोगों की मौजूदगी में नए स्कूल की शुरुआत की गई।

बताया गया कि मीना शाह ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के अंतर्गत पहले से ही मीना शाह डिग्री कॉलेज और बचपन प्ले स्कूल का सफल संचालन किया जा रहा है। अब इसी कड़ी में बच्चों को बेहतर और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मीना शाह पब्लिक स्कूल की स्थापना की गई है।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के मैनेजर हसन सईद और अन्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया। उद्घाटन समारोह की शुरुआत संस्था के वाइस प्रेसिडेंट डॉ. लाइक अली खान के संबोधन से हुई। उन्होंने संस्था की स्थापना से लेकर अब तक की यात्रा, विकास और उपलब्धियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

इस दौरान मीना शाह डिग्री कॉलेज के डीन अजय टंडन ने अपने संबोधन में समाज में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही किसी भी समाज के उज्ज्वल भविष्य की नींव होती है।

कार्यक्रम के अंत में संस्था के मैनेजर हसन सईद ने उपस्थित अतिथियों और नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि मीना शाह पब्लिक स्कूल की स्थापना का मुख्य उद्देश्य बच्चों को आधुनिक और बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि वे भविष्य में देश और समाज के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

उद्घाटन समारोह के दौरान मीना शाह डिग्री कॉलेज और बचपन प्ले स्कूल के बच्चों ने विभिन्न रंगारंग और ज्ञानवर्धक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और सभी ने उनकी प्रतिभा की सराहना की।

कार्यक्रम का संचालन मीना शाह डिग्री कॉलेज के प्राध्यापक अखिलेश पाठक ने किया।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि सैय्यद राशिद इक़बाल, हाजी जकी, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के चीफ मैनेजर उमेश आर्या, बैंक ऑफ इंडिया के सेवानिवृत्त मैनेजर अशोक सिंह, फाइनेंस मैनेजर नवीन सिंह, फिरोज़, डॉ. इरशाद आलम, डॉ. सादिर आलम, फातिमा, प्रिंसिपल अरुण मोरस, श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के अध्यक्ष कैलाश नाथ वर्मा सहित शहर के सैकड़ों गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इसके साथ ही मीना शाह डिग्री कॉलेज और बचपन प्ले स्कूल के स्टाफ सदस्य भी कार्यक्रम में मौजूद रहे और सभी ने नए संस्थान की शुरुआत पर खुशी जाहिर की।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------