Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

आयुष्मान कार्ड निर्माण में शिथिलता पर जिलाधिकारी सख्त, निष्क्रिय ऑपरेटरों का वेतन रोकने के निर्देश

बरेली,07 जुलाई। जनपद बरेली में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत संचालित विशेष आयुष्मान कार्ड निर्माण अभियान की प्रगति की समीक्षा हाल ही में जिलाधिकारी अविनाश सिंह द्वारा की गई। समीक्षा के दौरान पाया गया कि विगत 15 दिनों से जनपद में आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं है तथा प्रतिदिन बहुत कम संख्या में आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं।

जिलाधिकारी ने समीक्षा बैठक में निम्न प्रगति वाले पांच ब्लॉक के BCPM एवं BPM का वेतन तत्काल प्रभाव से अग्रिम आदेशों तक रोक दिया गया है तथा अभियान में कार्यरत सभी ऑपरेटर प्रतिदिन न्यूनतम 10 आयुष्मान कार्ड बनाने hetu निर्देश दिए गए है, जिससे जनपद की प्रगति में अपेक्षित सुधार लाया जा सके तथा प्रत्येक पात्र लाभार्थी को योजना का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जा सके।

समीक्षा के उपरांत भी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं पाया गया। विगत तीन दिनों की समीक्षा में यह तथ्य सामने आया कि 420 पंचायत सहायकों तथा 341 स्वास्थ्य विभाग के ऑपरेटरों की ऑपरेटर आईडी से एक भी आयुष्मान कार्ड नहीं बनाया गया (राजेंद्र कुमार, समर उबेद, ईरान नाज, विशाल कुमार, फाजिल खान, परमानंद, पूजा देवी आदि)। इस गंभीर लापरवाही पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए हैं कि जिन ऑपरेटरों द्वारा लगातार तीन दिनों तक एक भी आयुष्मान कार्ड नहीं बनाया गया है, उनका वेतन तत्काल प्रभाव से अग्रिम आदेशों तक रोका जाए तथा उनसे स्पष्टीकरण प्राप्त किया जाए। संतोषजनक उत्तर अथवा कार्य में सुधार न होने पर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।

वर्तमान में 15 मई से 14 अगस्त, 2026 तक पुनः विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों, जिला पूर्ति अधिकारी, उप श्रम आयुक्त, चिकित्सा अधीक्षकों (MOIC), बीसीपीएम (BCPM), बीपीएम (BPM), स्वास्थ्य विभाग के ऑपरेटरों, पंचायत सहायकों, आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आयुष्मान मित्रों को निर्देशित किया है कि वे पूर्ण समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक पात्र लाभार्थी का आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि विकास खण्डवार एवं ऑपरेटरवार दैनिक समीक्षा की जाएगी तथा जिनकी प्रगति असंतोषजनक पाई जाएगी, उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

आयुष्मान भारत योजना केंद्र एवं राज्य सरकार की अत्यंत महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है, जिलाधिकारी ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करते हुए जनपद बरेली को पुनः आयुष्मान कार्ड निर्माण में प्रदेश के अग्रणी जनपदों में स्थापित करेंगे तथा अभियान की अवधि 14 अगस्त, 2026 तक निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत प्राप्त करेंगे।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------